लखीमपुर खीरी में हादसा: नदी में गिरी बेकाबू कार, पांच लोगों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Lakhimpur kheri Accident: मंगलवार की देर रात यूपी के लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक बेकाबू कार नदी में गिर गई. इस दुर्घटना में जहां पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं चालक गंभीर रूप से घायल है. उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार

जानकारी के अनुसार, पढुआ थाना क्षेत्र के गिरजापुरी बैराज से पहले स्थित शारदा सायफन के पास मंगलवार की रात करीब 12 बजे शादी समारोह से वापस लौट रही एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर शारदा सायफन में गिर गई. इस हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.

थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया

इस संबंध में पढ़ुआ थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि जितेंद्र पुत्र विपिन बिहारी निवासी घाघरा बैराज, घनश्याम पुत्र बल्लू निवासी घाघरा बैराज, लालजी पुत्र मेवा लाल निवासी सीशियन पुरवा, अजीमुल्ला पुत्र अज्ञात निवासी गिरजापुरी, सुरेंद्र पुत्र विशुसोखा निवासी रामवृक्ष पुरवा थाना सुजौली जनपद बहराइच, लखीमपुर से कार से शादी समारोह से बहराइच जिले की तरफ वापस जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में शारदा सायफन के पास चालक को झपकी आने से वाहन नियंत्रण खो बैठा और कार सायफन में गिर गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही पढुआ प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया. कार चालक बबलू पुत्र राजेश निवासी गिरजापुरी थाना सुजौली जनपद बहराइच को पुलिस ने बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि कार में सवार अन्य पांच लोगों की नदी में डूबने से मौत हो गई.

मृतकों में ये लोग हैं शामिल

मृतकों की पहचान जितेंद्र, घनश्याम, लालजी, अजीमुल्ला और सुरेंद्र के रूप में हुई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर भेज दिया. प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है. फिलहांल, पुलिस घटना की जांच में जुटी हैं.

Latest News

31 October 2026 Ka Panchang: शनिवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

31 October 2026 Ka Panchang: 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि है. षष्ठी तिथि...

More Articles Like This

Exit mobile version