Sirmaur Accident: हिमाचल से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां मंगलवार की देर रात एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा सिरमौर जिले के रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में संगड़ाह-पलार सड़क पर हुआ. इस हादसे में वाहन में सवार चार लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि पांच से छह लोगों के घायल होने की खबर भी सामने आई है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में एक शव भी ले जाया जा रहा था. इसी दौरान शामरा के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया. हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई. हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. खाई की गहराई और दुर्गम स्थल होने की वजह से बचाव अभियान में मुश्किलें भी सामने आईं. घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है. हादसे के सही कारणों और वाहन में सवार लोगों की संख्या की विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद सामने आएगी. फिलहाल, पुलिस घटना की जांच में जुटी हैं.

