Gurugram Accident: गुरुग्राम से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां द्वारका एक्सप्रेस-वे पर बुधवार की आधी रात के बाद हाई स्पीड कार ने श्रमिकों को रौंद दिया. इस हादसे में जहां दो श्रमिकों की मौत हो गई, वहीं दो श्रमिकों सहित कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल ले जाया गया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लोहे की ग्रिल को डिवाइडर पर लगाने के लिए कई श्रमिक काम कर रहे थे. इसी दौरान रात करीब ढाई बजे दिल्ली की तरफ से आई तेज रफ्तार बीट कार ने चार श्रमिकों को रौंद दिया. हादसे में कार चालक को भी भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. तत्काल सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया. यहां चिकित्सक ने दो श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया. मृतक श्रमिकों की पहचान बिजेंद्र और पप्पू के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर के रहने वाले थे.
सतीश चंद और राम कुमार गंभीर रूप से घायल हैं. कार चालक की पहचान दिल्ली यूनिवर्सिटी के 20 वर्षीय छात्र वेदांत खन्ना के रूप में हुई है. कार चालक को फोर्टिस अस्पताल में रेफर किया गया है.
बजघेड़ा थाना पुलिस ने बताया शवों को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस मामले में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.