Agra Bomb Threat: उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल के पास स्थित ताज रिसॉर्ट होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. होटल मालिक को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें होटल में बम होने का दावा करते हुए एक सप्ताह के भीतर कभी भी धमाका किए जाने की बात कही गई थी.
अलर्ट पर हैं सुरक्षा एजेंसियां
ईमेल मिलने के तुरंत बाद होटल मालिक ने पुलिस को इसकी सूचना दी. मामला ताजमहल के नजदीक स्थित होटल से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी. धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं और होटल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच की जा रही है. बम की धमकी के बाद आगरा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. ताज रिसॉर्ट होटल शिल्पग्राम के नजदीक है और विश्व प्रसिद्ध ताजमहल भी होटल से कुछ ही दूरी पर स्थित है. यही वजह है कि धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया.
पूरे परिसर को खंगाला गया Agra Bomb Threat
पुलिस के साथ बीडीडीएस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी होटल पहुंचीं। इसके बाद पूरे परिसर को खंगाला गया और हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा टीमों ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए होटल में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया. धमकी मिलने के बाद सुरक्षा टीमों ने होटल परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया. होटल के कमरों से लेकर अन्य हिस्सों तक बारीकी से जांच की गई. बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे का पता लगाया जा सके.
एहतियात के तौर पर होटल के आसपास के इलाके में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है. हालांकि, अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है.
एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि ताज रिसॉर्ट होटल के संचालक को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था. ईमेल में होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बीडीडीएस और फायर विभाग की टीमें होटल पहुंचीं और पूरे परिसर की जांच की. शुरुआती जांच में होटल के अंदर से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. एसीपी ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह आशंका है कि लोगों में डर या अफरा-तफरी पैदा करने के उद्देश्य से यह ईमेल भेजा गया हो सकता है. हालांकि, धमकी में सात दिनों के भीतर धमाका किए जाने की बात कही गई है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां अगले सात दिनों तक विशेष सतर्कता बरतेंगी और लगातार निगरानी जारी रखेंगी.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वाला ईमेल किसने भेजा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी. मामले की जांच में साइबर सेल को भी लगाया गया है, जो ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रही है. होटल मालिक की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक कार्रवाई कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है.

