Yemen Prison Airstrike: एक बार फिर से यमन में हमलों का दौर जारी है. सऊदी अरब पर एक जेल को निशाना बनाकर हूती विद्रोहियों ने हवाई हमला करने का आरोप लगाया है. यमन की जेल पर हुए हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें बच्चा भी शामिल होने का दावा किया जा रहा है.
हूतियों की ओर से कहा गया है कि हमले के बाद जेल का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मंत्रालय का कहना है कि करीब 35 कैदी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं. इनके अलावा एक महिला भी मलबे में फंसी हुई है, जो अपने पति से मिलने के लिए जेल पहुंची थी.
हमले के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. रेस्क्यू टीमें मलबे को हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं. अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है.
हूती मीडिया ने हमले के बाद का वीडियो भी जारी किया है. वीडियो में जेल की क्षतिग्रस्त इमारत का एक हिस्सा दिखाई दे रहा है. सऊदी अरब की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इसलिए हमले के लिए जिम्मेदारी और नुकसान से जुड़ी जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
विशेष दूत हंस ग्रंडबर्ग ने कहा…
यमन के लिए संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के विशेष दूत हंस ग्रंडबर्ग ने कहा है कि हाल के दिनों में हूती लड़ाकों की ओर से अलग-अलग मोर्चों पर किए गए हमले बेहद चिंताजनक घटनाक्रम हैं, जो संघर्ष को और ज्यादा फैलाने का खतरा पैदा कर रहे हैं. सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में ग्रंडबर्ग ने कहा कि आम नागरिकों के मारे जाने और घायल होने, परिवारों के विस्थापित होने और नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें गहरी चिंता पैदा करने वाली हैं. उन्होंने कहा कि अगर बड़े पैमाने पर लगातार लड़ाई फिर से शुरू होती है, तो इसके नागरिकों पर गंभीर असर पड़ेंगे और राजनीतिक समाधान तक पहुंचने का रास्ता, जो पहले से ही मुश्किल है और भी कठिन हो जाएगा.

