Riyadh Airport Attack: पिछले महीने सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल दूसरे भारतीय नागरिक ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इससे मृतकों की संख्या बढ़कर अब 14 हो गई है.
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने बुधवार को बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक ने इलाज के दौरान आईसीयू (ICU) में दम तोड़ दिया. इसके साथ ही हमले में जान गंवाने वाले भारतीयों की संख्या दो हो गई है.
शुरुआत में 12 लोगों की हुई थी मौत
सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के अनुसार, इस घटना में शुरुआत में 12 लोगों की मौत हुई थी और 309 लोग घायल हुए थे. रियाद में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया साइट एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए इस मौत की पुष्टि की है. इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
दूतावास ने कहा…
दूतावास ने कहा कि बहुत भारी मन से हम बता रहे हैं कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक की आईसीयू में मौत हो गई है. दूतावास ने कहा कि हम शुरू से ही उनके परिवार के साथ खड़े रहे हैं और अभी भी उनके साथ हैं। हम परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.
दूतावास ने परिवार को दिलाया ये भरोसा
दूतावास ने यह भी भरोसा दिलाया कि अगर परिवार के लोग चाहेंगे तो वो मृतक के पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने की कोशिश करेंगे, या अगर परिवार चाहे तो उनकी इच्छा के मुताबिक रियाद में ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में हर संभव मदद करेंगे.

