केरल में आसमानी आफतः इडुक्की में भूस्खलन से तीन की मौत, कई के मलबे में दबने की आशंका

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Heavy Rain In Kerala: केरल में आसमान से बारिश के नाम पर आफत बरसी है. शनिवार को केरल के इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग भूस्खलन की घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोगों के फंसने की आशंका है. केरल में लगातार भारी बारिश की वजह से बाढ़ और नए भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं.

मृतक की पहचान इडुक्की जिले के कुदायथूर के पास अडूरमाला इलाके की रहने वाली सुमति के रूप में हुई है. जिला प्रशासन ने बताया कि शनिवार को तड़के भूस्खलन का मलबा उनके घर पर गिरा. पड़ोसियों ने उनके पति और बेटे को बचा लिया. दोनों घायल हो गए और उन्हें थोडुपुझा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन में परिवार का घर नष्ट हो गया.

नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), फायर एंड रेस्क्यू सर्विस, पुलिस और राजस्व अधिकारियों के तलाशी अभियान के बाद सुमति का शव बरामद किया गया. कोट्टायम जिले के पूंजार में पय्यानीथोट्टम में भूस्खलन के दौरान एक युवक की मौत हो गई और उसकी मां मलबे के नीचे दब गई. अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान जॉनी के बेटे जोसेफ के रूप में हुई है और उसकी मां की तलाश जारी है, जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है. जोसेफ को बचा तो लिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया.

बाढ़ और भूस्खलन का कहर

एक अन्य घटना में इडुक्की जिले के वागामोन इलाके में एक घर पर भूस्खलन होने से प्रभाकरन नायर नाम के व्यक्ति की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि कोट्टायम के वाइकोम के रहने वाले नायर भूस्खलन के समय अपने रिश्तेदार के घर के बेडरूम में सो रहे थे. घंटों की तलाशी के बाद उनका शव बरामद किया जा सका. इडुक्की जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और बाढ़ की सूचना मिली. उप्पुथारा में भूस्खलन से खड़ी पुलिस जीप क्षतिग्रस्त हो गई. पुल्लाकयार नदी का जलस्तर बढ़ने से कोक्कयार का निचला क्रॉसिंग (चप्पथ) पानी में डूब गया है. अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाके में करीब छह घर पानी में डूब गए और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों से कई अन्य भूस्खलन की सूचना मिली है. भारी बारिश के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक भी बाधित हुआ. लैंडस्लाइड के बाद कट्टाप्पना और वझावारा के बीच की सड़क बंद हो गई, जबकि वंडीपेरियार में चोट्टुपारा धारा में पानी का स्तर बढ़ने से नेशनल हाईवे 183 पर जलभराव हो गया. नेल्लीमाला में भी सड़क बंद हो गई, जिससे गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई. अधिकारियों ने जिले के छोटे बांधों के शटर खोलने की घोषणा की है. पड़ोसी कोट्टायम जिले में भारी बारिश की वजह से एराट्टुपेट्टा, कांजिरप्पल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली में बड़े पैमाने पर बाढ़ आ गई, जिससे रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए, ट्रैफिक बाधित हुआ और बड़े पैमाने पर बचाव कार्य शुरू करने पड़े.

पानी में डूबे कई घर

एराट्टुपेट्टा शहर में रात भर में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे अधिकारियों को गाड़ियों की आवाजाही रोकनी पड़ी. एराट्टुपेट्टा में कई घर, जिनमें नादक्कल और मुरिक्कोली के घर भी शामिल हैं, पानी में डूब गए. स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कर्मियों ने घरों की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में ट्रैफिक पूरी तरह से बाधित रहा. कूट्टिकल और मुंडाक्कयम में मणिमाला और पुल्लाकयार नदियों के उफान पर आने के बाद पानी का स्तर बढ़ता रहा. कूट्टिकल कॉजवे और निचले स्तर की क्रॉसिंग पानी में डूब गए, जबकि कई घरों में पानी घुस गया.

पहाड़ी इलाकों में भारी वर्षा  की आशंका

अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के बाद रानी और आसपास के कई इलाके कट गए हैं और जिला प्रशासन ने घरों में फंसे लोगों को बचाने के लिए नावें तैनात की हैं. अधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण पंपा नदी में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया. पत्तनमथिट्टा जिले में राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं. मध्य केरल के अलावा, कोल्लम जिले के पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश की सूचना मिली. इसके अलावा, कोझिकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ ज़िलों में बाढ़ और ज़मीन खिसकने की छोटी-मोटी घटनाओं की भी खबर है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड ज़िलों में बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. केरल के कुछ हिस्सों में लगातार भारी बारिश का अनुमान जताया है, जिसके चलते अधिकारियों ने बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है और जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Latest News

02 August 2026 Ka Panchang: रविवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Aaj Ka Panchang 2 August 2026: रविवार का पंचांग, संकष्टी गणेश चतुर्थी, चतुर्थी तिथि, शुभ मुहूर्त, राहुकाल, नक्षत्र, चंद्र राशि और आज के सभी शुभ-अशुभ समय यहां जानें.

More Articles Like This