Colombia Gold Mine Landslide: कोलंबिया से बड़ी खबर सामने आई है. यहां दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एक अवैध सोने की खदान में भूस्खलन हो गई. हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए. यह जानकारी एक क्षेत्रीय अधिकारी ने दी.
इक्वाडोर की सीमा पर स्थित नारिनो अवैध खनन का एक प्रमुख केंद्र है. वहां के सशस्त्र समूह सोने के गुप्त व्यापार, नशीले पदार्थों की तस्करी और जबरन वसूली जैसे कामों को नियंत्रित करते हैं. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में लोगों और एक खुदाई करने वाली मशीन को खदान से शव निकालकर पास की नदी में मौजूद एक छोटी नाव में रखते हुए देखा जा सकता है.
नारिनो के शांति और सुरक्षा सचिव एलेक्स गोंजालेज ने काराकोल नेटवर्क को मृतकों की संशोधित संख्या बताई और कहा कि जीवित बचे लोगों की तलाश अब खत्म हो गई है. गवर्नर कार्यालय ने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और आपराधिक समूहों की मौजूदगी की वजह से बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
कार्यालय के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया, “इन समुदायों के पास इन बेहद जोखिम भरी गतिविधियों के अलावा आजीविका का कोई और विकल्प नहीं है. पारंपरिक छोटे स्तर की खनन गतिविधियां तो लगभग खत्म ही हो चुकी हैं.”