US Territory Claim: रविवार को एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट का नक्शा पोस्ट किया और उसे अमेरिका का नया इलाका बताया. होर्मुज स्ट्रेट दुनिया भर में तेल, प्राकृतिक गैस और अन्य सामानों की सप्लाई के लिए एक अहम समुद्री रास्ता है.
अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में उन्होंने एक मैप की तस्वीर शेयर की, जिसमें उस अहम चोकपॉइंट (संकरे समुद्री रास्ते) पर घेरा बनाया गया. 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने इसे बंद कर दिया है और तब भी अमेरिका का नया इलाका बताया गया था.
ट्रंप ने इससे पहले 18 अगस्त को यही तस्वीर पोस्ट की थी. अमेरिकी राष्ट्रपति ने सबसे पहले 15 अगस्त को इस जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) को अमेरिकी क्षेत्र का हिस्सा घोषित करने की बात कही थी. न्यूयॉर्क में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा, “ईरान को बुरी तरह हराने के बाद बहुत जल्द मैं होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर दूंगा.” उन्होंने आगे कहा, “यह सच है.”
क्या कहा ईरान ने?
एक तरफ होर्मुज पर ईरान अपना नियंत्रण होने का दावा करता है तो वहीं ट्रंप का दावा है कि इस जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है. ईरान ने शनिवार को कहा कि होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा और तब तक नहीं खुलेगा जब तक अमेरिका अपने वादे पूरे नहीं करता और अपना व्यवहार नहीं सुधारता.
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने सरकारी टेलीविजन पर कहा, “अमेरिकी दावों के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और जब तक अमेरिका अपना व्यवहार नहीं सुधारता, तब तक यह नहीं खुलेगा.” उन्होंने कहा, “इस बार अमेरिका को सबसे पहले अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी.” रेजाई ने कहा, “हम सभी देशों से कहते हैं. कि वे अमेरिका द्वारा छेड़ी गई आर्थिक जंग में शामिल न हों.” उन्होंने कहा, “हमारे खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने में शामिल किसी भी देश को दुश्मन माना जाता है.”

