Drone Attack In The Black Sea: काला सागर में जा रहा तुर्किये का मालवाहक जहाज ड्रोन हमले के बाद डूब गया. इस घटना में कैप्टन और चालक दल के एक अन्य सदस्य मारे गए हैं, जबकि 11 लोगों को बचा लिया गया. बचाए गए ज्यादातर लोग भारत और अजरबैजान के हैं, लेकिन मृतकों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है. हमले से क्षतिग्रस्त हुआ खाद्यान्न लदा जहाज समुद्र में डूब गया है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि जहाज पर रूस के दो ड्रोन ने हमला किया था.
एक्स पर पोस्ट संदेश में जेलेंस्की ने कहा है कि मक्का लदा जहाज जब अंतरराष्ट्रीय जलसीमा से गुजर रहा था, तभी उस पर रूसी ड्रोन से हमला हुआ. यह हमला रोमानिया की जलसीमा के नजदीक हुआ. रूस ने जेलेंस्की के दावे का खंडन नहीं किया है, जबकि रोमानिया ने हमले का जिक्र न करते हुए कहा है कि जहाज में आग लग गई थी और उसके तटरक्षक बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बचाया.
रोमानिया ने आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं किया है. पता चला है कि जहाज पर सवार जो लोग बचाए गए हैं, उनमें एक घायल है. वैसे रोमानिया के न्यूज चैनल जहाज पर ड्रोन हमला होने की जानकारी दे रहे हैं, लेकिन सरकार ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
मालूम हो कि रूस और यूक्रेन के जहाजों के आवागमन के लिए काला सागर महत्वपूर्ण जलमार्ग है, लेकिन पिछले कई महीनों से रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के जहाजों को निशाना बनाने में लगे हैं. इससे दोनों देशों का निर्यात और आयात प्रभावित हो रहा है.