छपरा: बिहार से दुखद खबर सामने आई है. बुधवार की सुबह छपरा में भीषण सड़क हादसा हो गया. शादी समारोह से लौट रहे आर्केस्ट्रा टीम के वाहन को ट्रक ने टक्कर मार दिया. इस हादसे में जहां दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई, वहीं छह लोग गंभीर रूप से घायल है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
शादी समारोह से लौट रही थी आर्केस्ट्रा टीम
जानकारी के मुताबिक, यूपी के बलिया जिले की एक आर्केस्ट्रा पार्टी छोटा ब्रह्मपुर में आयोजित एक शादी समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत कर लौट रही थी. इसी दौरान सुबह करीब 5:30 बजे छपरा शहर से सटे डॉ. पीएन सिंह डिग्री कालेज के समीप पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने वाहन में टक्कर मार दी.
घटना के बाद मची चीख-पुकार
घटना के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
कुछ घायलों का हालत नाजुक
इस हादसे में दो महिला कलाकारों सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है. कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है.
अस्पताल पहुंचे एसपी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
पुलिस के मुताबिक
पुलिस के मुताबिक, मृतक एवं घायल सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी हैं. हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दुर्घटना की जांच की जा रही है.

