US-Israel Iran Attack: शनिवार को इजरायल और अमेरिका के खिलाफ शुरू हुई ईरान की जंग ने पूरे मिडल-ईस्ट में तनाव बढ़ा दिया है. इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के मुंहतोड़ जवाब में ईरान ने इजरायल के साथ-साथ कतर, कुवैत, बहरीन, यूएई सहित कई खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागी है. मिडल-ईस्ट में तेजी से बढ़ रहे इस तनाव की वजह से कई देशों के प्रमुख इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स से फ्लाइट ऑपरेशन्स को रोक दिया गया है, जिसके कारण हजारों फ्लाइट्स और लाखों यात्री पूरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग की वजह से रविवार को हजारों फ्लाइट्स कैंसिल की जा चुकी हैं.
अबु धाबी, दुबई, दोहा एयरपोर्ट बंद
इजरायल और ईरान के बीच मिसाइलों से हो रहे हमलों की वजह से खाड़ी देशों ने अपने एयर स्पेस को बंद कर दिया है, जिसकी वजह से हजारों उड़ानें रद्द की गई हैं. इजरायल और ईरान के बीच तेजी से बढ़ रहे इस तनाव के कारण खाड़ी देशों के कई एयरपोर्ट बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं. इस युद्ध के कारण प्रभावित होने वाले प्रमुख इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स की लिस्ट में यूएई का दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट सबसे ऊपर है, जहां दुनियाभर के लाखों लोग आते-जाते हैं. इसके अलावा, यूएई की राजधानी अबु धाबी का इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी प्रभावित हुआ है. कतर की राजधानी दोहा में भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है.
बहरीन, तेहरान, कुवैत, बेरूत के हवाई अड्डे भी प्रभावित
इजरायल का प्रमुख तेल अवीव एयरपोर्ट, ईरान की राजधानी तेहरान का इंटरनेशनल एयरपोर्ट और इराक का एरबिल एयरपोर्ट भी बंद है. कुवैत और बहरीन ने भी एयरपोर्ट पर ईरान के हमले के बाद ऑपरेशन्स बंद कर दिए हैं. इनके साथ ही लेबनान की राजधानी बेरूत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी बड़ी संख्या में फ्लाइट कैंसिल की गई हैं. जॉर्डन के अम्मान में भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ऑपरेट की जाने वाली फ्लाइट्स को कैंसिल किया गया है. मालूम हो कि ईरान ने कई खाड़ी देशों के प्रमुख एयरपोर्ट को ही निशाना बनाया है.
भारत की भी एयरलाइन कंपनियों ने रद्द की अंतरराष्ट्रीय उड़ाने
भारत की भी एयरलाइन कंपनियों ने उन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया है, जो खाड़ी देशों से होकर गुजरती हैं. नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण भारतीय एयरलाइन कंपनियों द्वारा आज 444 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल किए जाने की संभावना है. ईरान और पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों के कारण 28 फरवरी को घरेलू एयरलाइन कंपनियों की 410 उड़ानें रद्द रही थीं. डीजीसीए ने शनिवार को एयरलाइंस को 2 मार्च तक ईरान, इजराइल, लेबनान, यूएई, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, कुवैत और कतर के हवाई क्षेत्रों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी है.

