जम्मू-कश्मीरः उधमपुर में गहरी खाईं में गिरी बस, एक बच्ची की मौत, 16 घायल, कई गंभीर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Udhampur Bus Accident: जम्मू-कश्मीर से हादसे की खबर सामने आई है. बुधवार की सुबह ऊधमपुर जिले में लाटी मुख्यालय से पंचौंड से ऊधमपुर की ओर जा रही बस गुल्ली गला इलाके में अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल है. इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, बस नंबर जेके02एएल-3477 सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर की ओर रवाना हुई थी. सुबह करीब 7:30 बजे लाटी मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर और पंचौंड से करीब पांच किलोमीटर दूर गुल्ली गला के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

हादसे के तत्काल बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराते हुए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को निजी वाहनों की मदद से उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया.

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल छह लोगों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल रामनगर शिफ्ट किया जा रहा है. अन्य घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है.

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बस हादसे के बाद ऊधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बात की. उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. डॉ. सिंह के मुताबिक, बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया है और 9–10 घायल यात्रियों को उप जिला अस्पताल रामनगर ले जाया जा रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. उनका कार्यालय भी जिला प्रशासन के लगातार संपर्क बनाए हुए है.

More Articles Like This

Exit mobile version