Jamshedpur Terror Alert: जमशेदपुर को लेकर खुफिया एजेंसियों ने आतंकी हमले की आशंका जताई है. इस इनपुट के बाद राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. जिले के एसएसपी पीयूष पांडे सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश मुख्यालय से जारी किए गए हैं. शहर के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके साथ ही इंटेलिजेंस ब्यूरो को आसपास के क्षेत्रों पर भी पैनी नजर रखने का आदेश दिया गया है.
रिपोर्ट में स्लीपर सेल सक्रिय होने का दावा
खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जमशेदपुर में कुछ स्लीपर सेल सक्रिय हो सकते हैं जिनका संबंध पाकिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण लेने वाले लोगों से बताया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार इस नेटवर्क का संचालन आजादनगर के जाकिरनगर रोड नंबर-14 निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान कर रहा है.
अर्शियान दिल्ली पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों, मूवमेंट और संभावित ठिकानों की लगातार छानबीन कर रही हैं.
इंटरपोल ने रेड कॉर्नर जारी किया नोटिस
जांच एजेंसियों की सिफारिश के बाद इंटरपोल ने सैयद मोहम्मद अर्शियान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है. इसके चलते उसकी तलाश अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेज कर दी गई है. साथ ही देश और विदेश में फैले उसके नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक अर्शियान का भाई मोहम्मद जीशान पहले से ही दिल्ली की एक जेल में बंद है. उसे 9 अगस्त 2017 को आतंकी संगठनों से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
अलकायदा नेटवर्क से जुड़े होने का भी है शक
जांच एजेंसियों को शक है कि अर्शियान और जीशान के संबंध अलकायदा नेटवर्क से रहे हैं. दोनों का नाम वर्ष 2016 के ओडिशा मामले में भी सामने आया था जब अलकायदा से जुड़े आतंकी अब्दुल रहमान कटकी की गिरफ्तारी हुई थी और उसके नेटवर्क का खुलासा हुआ था.
जिले और आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
खुफिया अलर्ट के बाद जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. होटल, लॉज, किराए के मकानों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाए जा रहे हैं. इसके साथ ही पुलिस द्वारा नियमित रूप से वाहन जांच भी की जा रही है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें. अधिकारियों का कहना है कि जनता के सहयोग से ही किसी भी बड़ी साजिश को समय रहते विफल किया जा सकता है.
प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण का दिलाया भरोसा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
यह भी पढ़े: इंदौर की सोनम से भी शातिर निकली गंगानगर की अंजू, प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या; ऐसे खुला राज