कर्नाटक: कर्नाटक से दिल की धड़कने बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. यहां विजयपुरा शहर के बाहरी इलाके में भूतनाल झील में बुधवार को एक महिला और उसके पांच बच्चों शव मिलने से सनसनी फैल गई. घटना के पीछे पारिवारिक कहल की आशंका जताई जा रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लेकर घटना की जांच में जुट गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक नागराज, आदर्श नगर थाने के उपनिरीक्षक सीताराम लमानी और अन्य पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड के लोग मौके पर पहुंचे और शवों को पानी से बाहर निकाला.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान जिले के तोरावी गांव के शांतिनगर की शोभा मल्लिकार्जुन जलगेरी (35 वर्ष) और उसके बच्चों विद्या (15 वर्ष), सुवर्णा (13), तिप्पाराया (12), सानिका (10) और विकास (6 वर्ष) के रूप में हुई है.
अधिकारियों ने बताया
अधिकारियों ने बताया कि मल्लिकार्जुन नाम के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बच्चों के लापता होने की शिकायत की थी, जिसके बाद सोमवार (24 अगस्त) को विजयपुरा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था.
झगड़ा के बाद घर छोड़कर चली गई थी शोभा
अपनी शिकायत में उन्होंने बताया था कि किसी बात पर झगड़े के बाद उनकी पत्नी शोभा घर छोड़कर चली गई थी. एक सीनियर अधिकारी ने कहा, “जैसे ही कुछ लाशें मिलने की जानकारी मिली, एक टीम मौके पर पहुंची और मौके का मुआयना किया गया. लाशों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीएलडीई हॉस्पिटल भेजा गया.”
पुलिस ने बताया है कि घटना की पूरी जांच चल रही है. अधिकारी ने कहा, “यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि वे झील में कैसे पहुंचे. मौत का सही कारण पुलिस जांच और शवों के पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगा.” फिलहाल, पुलिस हर एंगल से घटना की जांच में जुटी हैं.

