Amhara Landslide: इथियोपिया में आसमानी आफत बरसी है. अम्हारा क्षेत्र में सोमवार को मूसलाधार बारिश के बाद आए भयानक भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है. ‘त्सादकाने देब्रे मितमाक सेंट मैरी’ मठ परिसर में चट्टानें गिरने से बड़ा हादसा हो गया. कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मलबे के नीचे कई श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका है और बचाव कार्य जारी है.
यह हादसा त्सादकाने देब्रे मितमाक सेंट मैरी मठ में हुआ, जहां पुरानी बीमारियों के आध्यात्मिक तरीके से उपचार के लिए लोकप्रिय, पवित्र जल से शुद्धिकरण अनुष्ठान में शामिल होने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु एकत्र हुए थे.
मठ के महाप्रबंधक मेगाबे हादिस नेका तिबेब अबाबू ने कहा कि यह दुर्घटना सुबह लगभग सात बजे हुई. मृतकों में अधिकतर वे श्रद्धालु शामिल हैं, जो पवित्र जल से शुद्धिकरण के धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के लिए पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि मलबे के नीचे अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है. हालांकि, उनकी संख्या का अभी पता नहीं चल सका है.
अबाबू के मुताबिक, मृतकों में से 11 का अंतिम संस्कार मठ परिसर में ही कर दिया गया, जबकि अन्य के शव उनके पैतृक स्थानों पर पहुंचाए गए हैं. कुछ मृतकों की पहचान अब भी नहीं हो सकी है. गंभीर रूप से घायल लोगों को मठ से लगभग 70 किलोमीटर दूर उत्तर शेवा प्रशासनिक क्षेत्र की राजधानी देबरे बिरहान के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.