LPU Rape Case: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बीती रात छात्रों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया. सोशल मीडिया ग्रुप्स में एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म से जुड़ा संदेश वायरल होने के बाद देर रात बड़ी संख्या में छात्र परिसर में इकट्ठा हो गए. करीब 2 बजे शुरू हुआ विरोध कुछ ही देर में उग्र हो गया और यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ के साथ आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं.
कथित रेप की खबर से मचा बवाल
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन की शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के आसपास हुई. सोशल मीडिया पर प्रसारित एक संदेश में दावा किया गया था कि किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों के अनुसार, वायरल संदेश की सत्यता और उसके स्रोत की जांच की जा रही है.
यूनिवर्सिटी गेट पर प्रदर्शन, हाईवे पर भी जाम LPU Rape Case
स्थिति बिगड़ने के बाद प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर पहुंच गए. यहां कथित तौर पर गेट में तोड़फोड़ की गई. इसके बाद छात्रों का समूह चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे तक पहुंच गया और सड़क पर धरना देकर यातायात रोक दिया. रात के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही कपूरथला के एसपी गौरव तूर समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक, फिलहाल जांच का मुख्य बिंदु सोशल मीडिया पर वायरल हुए संदेश का स्रोत और उसमें लगाए गए आरोपों की वास्तविकता है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा से जुड़ी कोई आपराधिक घटना वास्तव में हुई थी या फिर किसी अपुष्ट सूचना के चलते पूरा विवाद खड़ा हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल दावे से जुड़े तथ्यों को भी सत्यापित किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के मंडला में हादसा: गणेश पंडाल में उतरा करंट, चार लोगों की मौत, तीन घायल

