UP Weather News: यूपी में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद फिर से मानसून सक्रिय होने जा रहा है. गुरुवार को सुबह सुबह राजधानी लखनऊ में कई इलाकों में तेज और धीमी बारिश हुई. इससे मौसम कूल-कूल हो गया और गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली. वहीं मौसम विभाग के मुताबिर, शुक्रवार यानी 17 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश का दौर तेज होगा. 22 जुलाई तक तराई सहित कई जिलों में मध्यम से अच्छी वर्षा होने की संभावना है.
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बारिश की शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी. इसके बाद अगले 48 घंटों में इसका असर धीरे-धीरे मध्यांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से चक्रवाती परिसंचरण और मानसून द्रोणी के तराई की ओर रहने के कारण पूर्वी तराई के कुछ हिस्सों में ही बारिश हो रही थी.
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि, बृहस्पतिवार के लिए कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है और हवा में नमी अधिक रहने से कई स्थानों पर उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है.