Mangaluru Landslide: बारिश बनी काल, भूस्खलन की जद में आया मकान, तीन लोगों की मौत

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Mangaluru Landslide: कर्नाटक में एक परिवार के लिए बारिश काल बन गई. बुधवार को तड़के मंगलुरु में बारिश की वजह से हुए भूस्खलन से एक मकान ध्वस्त हो गया. इस दुर्घटना में दो बच्चियों सहित एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों को बचा लिया गया.

यह जानकारी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के अधिकारियों ने दी. अधिकारियों ने बताया कि रातभर हुई भारी बारिश के कारण मंगलुरु के नागोरी इलाके में भूस्खलन हुआ और एक मकान ढह गया.

परिवार के 6 सदस्य मलबे में फंसे

उन्होंने बताया कि मकान गिरने से परिवार के छह सदस्य मलबे में फंस गए. स्थानीय निवासी, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मी और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और लोगों को मलबे से निकालने के लिए अभियान शुरू किया. हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान शांता (46 वर्ष), उनकी 8 वर्षीय बेटी अनामिका चौरसिया और 4 वर्षीय बेटी परी के रूप में हुई है.

तीन सदस्यों को बचाया गया

अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में बालकृष्ण (48 वर्ष), अलका (14) और अनुष्का (11) को मलबे से जीवित निकाल लिया गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्होंने बताया कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला यह परिवार पिछले दो दशक से कांकानाडी इलाके में रह रहा था.

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मी भी तलाश एवं बचाव अभियान में शामिल हुए और तीन व्यक्तियों के शव मलबे से बाहर निकाले गए, जिसके बाद बचाव अभियान समाप्त हो गया. दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त दर्शन ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे अधिकारियों से जानकारी ली.

जिला प्रशासन ने तटीय जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर पहाड़ी इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है.

Latest News

चीनी डील को लेकर कर्ज बना नेपाल सरकार का सिरदर्द, अब उठे रहे सवाल

Nepal-China jet deals: नेपाल सरकार की तरफ से एक दशक पहले खरीदे गए चीनी विमान एक बार फिर से...

More Articles Like This

Exit mobile version