Airstrike In Myanmar: म्यांमार से बड़ी खबर सामने आई है. यहां रखाइन प्रांत में सोमवार को सेना की ओर से एक ताकतवर विद्रोही गुट के कब्जे वाले इलाके में एक बाजार के पास हमला किया गया. इस हमले में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हो गए. यह जानकारी एक बचाव अधिकारी और विद्रोही गुट के लड़ाकों ने दी.
पश्चिमी रखाइन में हुआ यह हमला देशभर में लोकतंत्र-समर्थक विद्रोही गुटों और जातीय सशस्त्र समूहों के खिलाफ घातक हवाई हमलों की कड़ी में सबसे ताजा हमला है. म्यांमार में सेना के 1 फरवरी 2021 को आंग सान सू ची के नेतृत्व वाली निर्वाचित सरकार का तख्तापलट करने के बाद से ही उथल-पुथल मची हुई है. देश में सैन्य शासन का बड़े पैमाने पर विरोध किया जा रहा है.
विद्रोही गुट ‘अराकान आर्मी’ के अनुसार, म्यांमार की सेना ने सोमवार को देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मंडाले से लगभग 340 किलोमीटर पश्चिम में स्थित क्याउकटाव इलाके को निशाना बनाया. उसने बताया कि दोपहर के समय में एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए, जिससे दुकानदार, खरीदार और पैदल आवागमन करने वालों सहित 33 लोगों की मौत हो गई.
‘अराकान आर्मी’ के मुताबिक, इस हमले में 36 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. वरिष्ठ बचाव अधिकारी वाई हुन आंग ने हमले में 33 लोगों की मौत की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि यह बाजार इलाके का मुख्य थोक बाजार है, जहां पूरे राज्य से व्यापारी और खरीदार आते हैं. सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों और वीडियो में क्याउकटाव में कई इमारतों में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, जबकि सड़क पर कुछ वाहन और पास के एक पुल के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त नजर आ रहे हैं.

