पाकिस्तानः बलूचिस्तान में IED धमाका, सेना के मेजर की मौत, चार आतंकवादी ढेर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Crime in Pakistan: सुरक्षा अभियान के दौरान पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुए विस्फोट में पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी की मौत हो गई. विस्फोट के लिए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल किया गया था. यह जानकारी सोमवार को अधिकारियों ने दी. सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने रविवार को ग्वादर के शादिकौर इलाके और कलात जिले के जट्टकाबाद में कई अभियान चलाए. सेना के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने रविवार को जट्टकाबाद इलाके में अभियान चलाकर चार आतंकवादियों को ढेर कर दिया और बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया.

सुरक्षा बलों ने ग्वादर जिले के पसनी स्थित शादिकौर इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया. अभियान का नेतृत्व करते समय आईईडी से किए गए हमले में 34 वर्षीय मेजर वजाहत वहीद की जान चली गई. सेना ने कहा, “इलाके में अन्य आतंकवादियों को खत्म करने के लिए तलाशी अभियान जारी रहेंगे.” सेना ने कहा कि सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां देश से विदेशी प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चार आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की और सेना के अधिकारी की मौत पर दुख जताया.

पीएम ने कहा, “मेजर वजाहत वहीद ने अपनी प्यारी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया. राष्ट्र को उन पर गर्व है.” उन्होंने मारे गए अधिकारी के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की. बलूचिस्तान में हाल के वर्षों में उग्रवादी गतिविधियों में वृद्धि हुई है. सुरक्षा बल अशांति को दबाने के लिए सक्रिय हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version