Plane Crash In The Bahamas: बहामास से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गई. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई. इस दुर्घटना के बाद सरकार को फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा. यह जानलेवा हादसा नॉर्थ एंड्रॉस में शुक्रवार को हुआ, जो इस द्वीप समूह की राजधानी नसाऊ के ठीक पश्चिम में समुद्र में स्थित है.
दुर्घटना के बाद बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने जानकारी देते हुए शुरू में कहा था कि एक व्यक्ति बच गया है, लेकिन बाद में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि उस व्यक्ति की गंभीर चोटों की वजह से मौत हो गई. पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.
पीएम फिलिप ब्रेव डेविस ने कहा…
पीएम फिलिप ब्रेव डेविस ने कहा, “हम गहरे दुख के साये में हैं.” उन्होंने कहा, “लोग बहामास की आजादी की 53वीं सालगिरह मना रहे थे. यह शोक का दिन बन गया है, जिन परिवारों को यह दुखद खबर मिली है कि उनका कोई अपना अब घर नहीं लौटेगा, हम उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.” वहीं, एक बयान में बहामास एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी ने कहा कि विमान नसाऊ के लिंडन पिंडलिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर सैन एंड्रॉस जा रहा था, तभी वह हादसे का शिकार हो गया. उन्होंने बताया कि विमान बहामास में रजिस्टर्ड सेसना 402 था.
A Flamingo Air plane crashed and burned in North Andros, The Bahamas. According to locals, several people died. pic.twitter.com/qkYCrLaK9z
— Secret Feeds (@TheSecretFeeds) July 11, 2026
एक बयान में ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्रालय ने कहा कि फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट को सस्पेंड करना सिर्फ़ सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया एहतियाती कदम है, क्योंकि अधिकारी दुर्घटना के कारण की जांच कर रहे हैं. मंत्रालय ने कहा कि यह सस्पेंशन शुक्रवार को हुई सुरक्षा से जुड़ी दो घटनाओं के कारण किया गया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्री जोबेथ कोल्बी-डेविस ने कहा कि पहली घटना शुक्रवार को ही फ्लेमिंगो एयर के एक विमान के साथ हुई थी. उन्होंने बताया कि विमान मायागुआना जा रहा था, तभी पायलट ने कोई समस्या बताई और विमान को वापस नसाऊ मोड़ लिया. उन्होंने कहा कि विमान के उतरने और यात्रियों के बाहर निकलने के बाद उसमें आग लग गई.

