CM Yogi on Surya Murder Case: आज 1 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए हिंदू परिवारों को नागरिकता से जुड़ी सौगात दी. इसके अलावा उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान, नागरिकता संशोधन कानून, गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड जैसे कई मुद्दों का जिक्र किया.
दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं
जनसभा को संबोधित करने के दौरान सीएम योगी ने सूर्या हत्याकांड का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “दोस्ती…कैसी दोस्ती, आपने अभी गाजियाबाद में देखा होगा. दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी. यह स्वीकार्य नहीं होगा. अगर कोई अपनी नालायक औलाद को समझा नहीं पा रहा तो समझो गलती कर रहा है. याद रखना हमारी संवेदना सामान्य नागरिकों के प्रति है.”
शस्त्र उठाना होगा अगर सामने खर दूषण हैं CM Yogi on Surya Murder Case
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “हम सबको ध्यान में रखना होगा कि अहिंसा और करुणा मानवता के भूषण हैं किंतु शस्त्र उठाना होगा अगर सामने खर दूषण हैं.” अपने संबोधन में सीएम योगी ने धार्मिक उदाहरण देते कहा, “भगवान कृष्ण ने कहा था कि सज्जनों के लिए ही हम सज्जन बनें, दुर्जनों के लिए नहीं.”
धरती को राक्षस विहीन कर देंगे
इस दौरान सीएम योगी ने भगवान राम का उल्लेख करते हुए कहा, “भगवान राम ने भी वही किया था. एक ही लक्ष्य था. धरती को राक्षस विहीन कर देंगे क्योंकि ये सामान्य नागरिकों के साथ अन्याय कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, “देश के खिलाफ द्रोह करने वाले लोगों के साथ उतनी ही निर्ममता के साथ लड़ने के लिए तैयार होना होगा.”
विपक्ष पर साधा निशाना
इस दौरान सीएम योगी ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का भी जिक्र किया और विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध समुदाय के लोगों को नागरिकता देने का विपक्ष ने विरोध किया. सीएम ने कहा, “पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के लिए सपा, कांग्रेस ने क्या किया. मोदी जी और शाह जी ने देश के अंदर सिटिजनशिप अमेंडमेंट एक्ट पास करके ये सुनिश्चित किया.”
ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को नागरिकता देने वाले पार्टी हैं
सीएम योगी ने कहा, “ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को नागरिकता देने वाले पार्टी हैं. पाकिस्तान से आए इन हिंदुओं, बौद्धों, जैनियों, सिखों को नागरिकता देने का विरोध करते हैं. समाजवादी पार्टी ने भी विरोध किया. हमने ठाना कि ये करवाएंगे. पीएम के इस विजन को हम धरातल पर उतार रहे हैं.”
गौ माता के मुद्दे का भी जिक्र किया
अपने संबोधन के दौरान सीएम ने गौ माता के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा, “अबे गाय हमारी माता है, तुम क्या समझ पाओगे. आजकल ज्ञापन देने जा रहे हैं. हमने कहा ज्ञापन मत दो अपने शोहदों को समझाओ, नहीं तो वो दुर्गति होगी कि कई पीढ़ियां याद करेंगी.”

