Pakistan Bomb Blast: बीते शुक्रवार को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस कंपाउंड की मस्जिद पर आत्मघाती हमला हुआ. इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है, जबकि दर्जनों का लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, जब विस्फोटक से भरी एक कार को पुलिस परिसर के अंदर ले जाया गया, तब अधिकारी और उनके परिवार कंपाउंड के अंदर बनी मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे.
सूत्रों के अनुसार, इस हमले में मारे गए 31 लोगों में से SP रैंक का एक अधिकारी, एक डिप्टी SP और काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट के तीन इंस्पेक्टर शामिल हैं.

गाड़ी के मस्जिद की दीवार से टकराते ही हुआ धमाका
हमलावर नमाज के समय के दौरान विस्फोटक से लदी गाड़ी लेकर कंपाउंड में घुसा और मस्जिद के प्रवेश द्वार की दीवार से टकरा गया. जैसे ही गाड़ी दीवार से टकराई, जोरदार धमाका हुआ. धमाके से इमारत का कुछ हिस्सा ढह गया और इलाका धुएं और मलबे से भर गया.
अधिकारियों का मानना है कि गाड़ी चलाने वाले आत्मघाती हमलावर के अलावा तीन से पांच बंदूकधारियों ने भी कंपाउंड में घुसने की कोशिश की. चश्मदीदों ने बताया कि जब हमलावरों ने जबरदस्ती अंदर घुसने की कोशिश की, तो गोलीबारी हुई.
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों से साफ पता चल रहा है कि हमला काफी खतरनाक था. धमाके के बाद करीब 80 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें ज्यादा पुलिसकर्मी थे. कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
आतंकवादी संगठन ने हमले को दिया अंजाम
शुक्रवार देर रात तक किसी भी गुट ने आधिकारिक तौर पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी. हालांकि, ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ (IMP) पर शक किया गया, जो इस क्षेत्र में सक्रिय तीन आतंकवादी गुटों का एक गठबंधन है. ‘इंकलाबी इस्लामी पाकिस्तान (IMP)’, जो भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा से जुड़ा है, इस संगठन ने टेलीग्राम पर हमले की जिम्मेदारी ली. इंकलाबी इस्लामी पाकिस्तान का समर्थन करने वाले अकाउंट्स ने कहा कि उसकी ‘अल-बद्र’ आत्मघाती यूनिट ने काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट के परिसर में ‘इश्तशादी ऑपरेशन’ (आत्मघाती हमला) को अंजाम दिया है.