Typhoon Champi: आज (शनिवार) को तड़के टाइफून चांपी ताइवान के पास से गुजरा. इस शक्तिशाली तूफान की वजह से कई पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई. लहरों में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं.
रॉयटर्स के अनुसार, अब यह तूफान कमजोर पड़ गया है और उत्तर की ओर चीनी तट की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन इसके केंद्र के पास हवा की रफ्तार अभी भी करीब 126 किमी प्रति घंटा थी.
शनिवार को यह तूफान ताइवान के उत्तर-पूर्वी तट के पास से गुजरने के बाद द्वीप से लगभग 150 किमी पूर्व में था. पूर्वानुमान है कि अब यह उत्तर की ओर चीनी तट की तरफ मुड़ेगा और फिर आगे बढ़कर दक्षिणी जापान की ओर जाएगा.
-1792809033529.webp)
ताइवान से सामने आए दृश्यों में टाइफून के नजदीक आते ही विशाल लहरों को तट से टकराते हुए देखा गया. द्वीप के कई हिस्सों में तेज हवाओं का असर रहा.
ताइवान के अग्निशमन विभाग ने बताया कि मरने वालों की संख्या एक है. लियुकियू द्वीप पर एक व्यक्ति लहरों में बह गया था. तेज हवाओं और भारी बारिश के बीच 527 लोग घायल हुए हैं.
ताइवान की राजधानी ताइपे में तेज हवाओं की वजह से पेड़ गिर गए, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई. यहां तेज बारिश और आंधी ने भी लोगों की परेशानियों को बढ़ाया.
टाइफून चांपी की वजह से बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई. ताइवान की सरकारी बिजली कंपनी ‘ताईपावर’ (Taipower) ने बताया कि एक समय पर 167,000 से ज्यादा घरों की बिजली चली गई थी. हालांकि ज्यादातर प्रभावित घरों में जल्दी ही बिजली बहाल कर दी गई है.
परिवहन सेवाओं पर भी तूफान का असर
इस तूफान का असर परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा है. परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार को 242 उड़ानें रद कर दी गईं. यह आंकड़ा शुक्रवार की तुलना में काफी कम था, जब लगभग 1,000 उड़ानें रद हुई थीं.