America Plane Crash: अमेरिका से विमान हादसे की खबर सामने आई है. यहां अलास्का में बुधवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र के उथले पानी में गिर गया. इस हादसे में विमान में सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई. हादसा अलास्का के एक दूरदराज के तटीय कस्बे के पास हुआ.
अधिकारियों के अनुसार, Piper PA-24 विमान अलास्का के सबसे बड़े शहर एंकोरेज से उड़ान भरकर छोटे कस्बे सेल्डोविया के एयरपोर्ट की ओर जा रहा था. सेल्डोविया का एयरपोर्ट एंकोरेज से करीब 219 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है.
गहरे पानी में डूबा विमान
हादसे के बाद विमान सेल्डोविया स्लो में किनारे के पास करीब 15 फीट (लगभग 4.5 मीटर) गहरे पानी में डूब गया. नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के अलास्का क्षेत्र के प्रमुख क्लिंट जॉनसन ने बताया कि विमान तक पहुंचने के लिए अधिकारियों को ज्वार का पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा.
पानी कम होने के बाद बचाव दल विमान तक पहुंचा और उसमें सवार चारों वयस्कों के शव को बाहर निकाला. शवों को मेडिकल एग्जामिनर के कार्यालय भेज दिया गया है. अधिकारियों ने मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की है. परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद उनके नाम जारी किए जाएंगे.
इस दुर्घटना की जांच अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रहा है. अलास्का के सीनेटर डैन सुलिवन ने कहा कि उन्हें NTSB और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से इस हादसे के बारे में जानकारी दी जाएगी. सुलिवन ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुखद हैं और अलास्का में विमानन सुरक्षा तथा उससे जुड़े बुनियादी ढांचे को बेहतर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है.

