West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे चरण का मतदान भी पूरा हो गया। इसी के साथ अब बंगाल के दोनों चरणों में 90 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज कर लिया गया है. आंकड़ों को उठाकर देखा जाए तो बंगाल में कभी भी 90 फीसदी से ज्यादा वोटिंग नहीं हुई. यानी इस बार पश्चिम बंगाल में मतदान का एक नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ है.
अब तक यह रिकॉर्ड त्रिपुरा के पास
इतना ही नहीं अगर मतदान का यह आंकड़ा थोड़ा और बढ़ा तो बंगाल में हुई वोटिंग देशभर में किसी भी राज्य में हुई वोटिंग के रिकॉर्ड से ज्यादा होगी. अब तक यह रिकॉर्ड त्रिपुरा के पास था, जहां 2013 में 91.82 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी. पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में मतदान कराया गया है. जहां पहले चरण में राज्य में 93.19 फीसदी मतदान हुआ था. वहीं, दूसरे चरण में भी मतदान 90 फीसदी से ऊपर रहा है, जिसका अभी और बढ़ना लगभग तय है.
औसत मतदान प्रतिशत 90 फीसदी से ऊपर
इस लिहाज से देखा जाए तो बंगाल में औसत मतदान प्रतिशत 90 फीसदी से ऊपर रहा है, जो कि बंगाल में पिछले सभी चुनावों से ज्यादा है. बंगाल में 2026 से पहले सबसे ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा 2011 में दर्ज किया गया था. तब राज्य में 84.33 फीसदी वोटिंग हुई थी. यह वही चुनाव था, जब बंगाल में 34 साल से शासन कर रही लेफ्ट पार्टी का वर्चस्व खत्म हुआ था और तृणमूल कांग्रेस पहली बार जीतकर सत्ता में आई थी. तब ममता बनर्जी बंगाल की मुख्यमंत्री बनी थीं.
आंकड़ा भी लगातार 80 फीसदी के ऊपर
बंगाल में इससे पहले 80 फीसदी से ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा 1996 और 2006 में पहुंचा था. ममता बनर्जी के चुनाव जीतने के बाद बंगाल में वोटिंग का आंकड़ा भी लगातार 80 फीसदी के ऊपर बना रहा, लेकिन मतदान का रिकॉर्ड नहीं टूटा.
इसे भी पढ़ें. West Bengal Election 2026: बंगाल में शाम 5 बजे तक 90% मतदान, फालता में हंगामा करने वालों पर लाठीचार्ज

