हॉलीवुड में शोक की लहर, 34 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए ‘ब्रेकिंग बैड’ एक्टर आरजे मिट्टे

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

RJ Mitte: हॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मशहूर टीवी सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ में वॉल्टर व्हाइट जूनियर की भूमिका निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाने वाले अभिनेता आरजे मिट्टे के निधन की खबर सामने आई है. 34 साल की उम्र में उनके दुनिया से चले जाने की खबर ने उनके प्रशंसकों को झकझोर दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने 13 अक्टूबर को टेक्सास के ब्राउन्सविल में आखिरी सांस ली. उनकी टीम ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ को दिए बयान में उनके निधन की पुष्टि की है.

अभिनेता की टीम ने इस खबर पर दुख जताते हुए उन्हें एक शानदार कलाकार, समाजसेवी और दिव्यांगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाला शख्स बताया. हालांकि, उनके निधन की वजह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, TMZ की रिपोर्ट में आत्महत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

‘ब्रेकिंग बैड’ ने दिलाई दुनियाभर में पहचान RJ Mitte

RJ Mitte को सबसे ज्यादा लोकप्रियता अमेरिकी क्राइम ड्रामा सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ से मिली थी. इस शो में उन्होंने वॉल्टर व्हाइट जूनियर का किरदार निभाया, जो मुख्य किरदार वॉल्टर व्हाइट के बेटे थे. वह सीरीज के पांचों सीजन में नजर आए और अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. उनकी जिंदगी की एक खास बात यह भी थी कि पर्दे पर उनके किरदार की तरह वह वास्तविक जीवन में भी सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित थे. उन्हें महज तीन साल की उम्र में इस स्थिति का पता चला था. इसके बावजूद उन्होंने मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई और अपनी प्रतिभा से लोगों को प्रभावित किया.

दिव्यांगों के प्रतिनिधित्व को बेहतर बनाने के पक्षधर थे

आरजे मिट्टे केवल एक अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि दिव्यांग लोगों के अधिकारों के लिए भी लगातार काम करते थे. उनका मानना था कि दिव्यांग व्यक्तियों को शिक्षा, रोजगार और मनोरंजन समेत हर क्षेत्र में समान अवसर मिलने चाहिए. वह फिल्मों और टेलीविजन में दिव्यांग लोगों के प्रतिनिधित्व को बेहतर बनाने के पक्षधर थे. वह यूनाइटेड सेरेब्रल पाल्सी और श्राइनर्स चिल्ड्रन्स जैसी संस्थाओं से एंबेसडर के रूप में जुड़े रहे. इसके अलावा, वह मिट्टे फाउंडेशन के चेयरमैन भी थे. इस फाउंडेशन के जरिए दिव्यांगता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दिव्यांग लोगों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाता था. उनकी यह पहल उन्हें अभिनय की दुनिया से आगे एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी खास बनाती थी.

2025 में कैनेडी सुआरेज से की थी सगाई

आरजे मिट्टे की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही थी. उन्होंने साल 2025 में अपनी दोस्त कैनेडी सुआरेज के साथ सगाई की थी. बताया जाता है कि उन्होंने 10 अक्टूबर 2025 को कैनेडी के 30वें जन्मदिन के मौके पर उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था. दोनों की सगाई के बाद प्रशंसक उनकी शादी का इंतजार कर रहे थे. लेकिन अब उनके निधन की खबर से उनके चाहने वालों को गहरा दुख पहुंचा है. आरजे मिट्टे को उनके प्रशंसक न केवल ‘ब्रेकिंग बैड’ में निभाए गए यादगार किरदार के लिए, बल्कि दिव्यांगों के अधिकारों के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए भी याद कर रहे हैं. मनोरंजन जगत में उनके योगदान और सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई थी.

ये भी पढ़ें- नवरात्रि पर राजपाल यादव ने उठाई बेटियों की सुरक्षा की बात, कहा- उन्हें बेखौफ जीने दें

Latest News

Moradabad News: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Moradabad News:: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को मुरादाबाद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय...

More Articles Like This

Exit mobile version