Vancouver: कनाडा के सरे शहर में भारतीय कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई गोलीबारी और एक महिला के घायल होने से जुड़े दूसरे मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ आरोप तय किए हैं. ब्रिटिश कोलंबिया की प्रांतीय जबरन वसूली निरोधक टास्क फोर्स ने शुक्रवार को 22 वर्षीय परदीप सिंह और सवीर खान के खिलाफ आरोप तय किए जाने का ऐलान किया. दोनों को 1 नवंबर को सरे से पकड़ा गया था और फिलहाल वे हिरासत में हैं. दोनों पर गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में लापरवाही से हथियार चलाने के दो-दो आरोप लगाए गए हैं.
आरोपों को साबित किया जाना बाकी
प्रत्येक घटना के लिए एक आरोप है. हालांकि, अदालत में अभी इन आरोपों को साबित किया जाना बाकी है. गोलीबारी की घटना कपिल शर्मा के कैफे ‘कप्स कैफे’ में हुई थी. पुलिस की ओर से जारी तारीख और स्थान का विवरण 16 अक्टूबर 2025 को प्रतिष्ठान पर हुए हमले से मेल खाता है. घटना के समय कैफे बंद था, लेकिन उसके भीतर दो कर्मचारी मौजूद थे. गोलीबारी में दोनों सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई.
एक घर पर भी हुई गोलीबारी
इससे चार दिन पहले 12 अक्टूबर को 103ए एवेन्यू के 13000 ब्लॉक स्थित एक घर पर भी गोलीबारी हुई थी. इस घटना में एक महिला घायल हो गई थी. दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध सामने आने के बाद प्रांतीय जबरन वसूली निरोधक टास्क फोर्स ने जांच अपने हाथ में ले ली थी. गिरफ्तारी की कार्रवाई में सरे पुलिस सेवा और ब्रिटिश कोलंबिया की संयुक्त विशेष प्रवर्तन इकाई ने भी सहयोग किया.
एक साल से अधिक समय तक जांच चली
आरसीएमपी के वरिष्ठ अधिकारी चीफ सुपरिंटेंडेंट डंकन पाउंड ने बताया कि आरोप तय होने से पहले एक साल से अधिक समय तक जांच चली. इस दौरान तलाशी वारंट, न्यायिक अनुमति और साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया. पाउंड ने कहा कि इन घटनाओं से स्थानीय समुदाय में पैदा हुई चिंताओं को पुलिस समझती है और साझा करती है. उन्होंने कहा कि ये आरोप जबरन वसूली से जुड़ी हिंसा के खिलाफ विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच समन्वय को भी दर्शाते हैं.
जबरन वसूली की मांग का उल्लेख नहीं
हालांकि, पुलिस की ओर से जारी जानकारी में दोनों गोलीबारी की घटनाओं के पीछे किसी खास जबरन वसूली की मांग का उल्लेख नहीं किया गया है. साथ ही आरोपियों की राष्ट्रीयता की भी पुष्टि नहीं की गई है.
इसे भी पढ़ें. राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में भारतीय प्रवासियों संग मनाई दिवाली, जाने ट्रंप को तोहफे में क्या मिला

