Asha Bhosle: फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज सिगंर आशा भोसले का निधन हो गया है. 92 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. उनके निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है.
पिछले कुछ दिन से बीमार चल रही थीं Asha Bhosle
बता दें कि आशा भोसले पिछले काफी दिनों से बीमार चल रही थीं. बीते दिन उन्हें मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में एडमिट कराया गया था. बताया जा रहा है कि मल्टिपल ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हो गया है.
राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा अंतिम संस्कार
अस्पताल से बाहर आकर बेटे आनंद ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अंतिम दर्शन होंगे और 4 बजे शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. वहीं डॉक्टर प्रतीत समदानी ने कहा कि यह बड़ी दुख की खबर है कि आशा भोसले जी का निधन हो गया है. उनको मल्टी ऑर्गन फेलियर था, जिसके चलते उन्होंने अंतिम सांस ली. महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने मीडिया से बात करते हुए बताया, ”आज पूरा देश शोक में डूबा है. आज एक युग का अंत हो गया है.”
उन्होंने लगभग 12 हजार से ज्यादा गाने गाए
आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में हमेशा सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा. उन्होंने अपने करियर में आठ दशकों से भी ज्यादा समय तक संगीत की दुनिया में सक्रिय रहकर हजारों गाने गाए. उनकी आवाज में एक अलग ही जादू था, जिसने हर दौर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया. उन्होंने लगभग 12 हजार से ज्यादा गाने गाए, जो अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड है. उनके गाए कई गाने आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं. ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘ये मेरा दिल’, ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘इन आंखों की मस्ती के’ और ‘दिल चीज क्या है’ जैसे गीतों ने उन्हें अमर बना दिया.
कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया
उनके योगदान को देखते हुए उन्हें कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, पद्म विभूषण, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और कई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से नवाजा गया. वह दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी शामिल रहीं.
ये भी पढ़ें- Jana Nayagan लीक होने पर IMPPA ने PM Modi से लगाई गुहार, पायरेसी पर सख्त कार्रवाई की मांग की

