पिंपल्स फोड़ने से बढ़ सकता है इन्फेक्शन, स्कारिंग का भी रहता है रिस्क

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

चेहरे पर जरा-सा पिंपल दिखते ही अक्सर उसे फोड़ने का मन करने लगता है. पिंपल फोड़ना भले ही उस वक्त राहत देने वाला लगे, लेकिन यह आदत आपकी त्वचा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है. स्किन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पिंपल्स को दबाने या फोड़ने से चेहरे पर दाग पड़ने का खतरा बढ़ जाता है और इन्फेक्शन का जोखिम भी काफी हद तक बढ़ सकता है. इसलिए अगर चेहरे पर कभी पिंपल निकल आए, तो चाहे कितना भी मन करे, उसे फोड़ने से बचना ही बेहतर है. आइए जानते हैं कि पिंपल फोड़ने की यह आदत कैसे आपकी स्किन के लिए परेशानी का कारण बन सकती है.

बढ़ जाता है इन्फेक्शन का जोखिम

जब आप एक पिंपल को फोड़ते हैं, तो आप त्वचा पर एक तरह का खुला घाव बना देते हैं. हमारे हाथों और नाखूनों में अनगिनत बैक्टीरिया होते हैं. जैसे ही पिंपल फटता है, ये बैक्टीरिया उस खुले छेद के जरिए त्वचा के अंदर जा सकते हैं. इससे पिंपल वाली जगह पर गंभीर इन्फेक्शन का जोखिम बढ़ जाता है, जिसके कारण दर्द बढ़ सकता है और मवाद बनने की समस्या भी और ज्यादा गंभीर हो सकती है.

जलन और तेज सूजन की हो सकती है समस्या

हमारी त्वचा काफी नाजुक और सेंसिटिव होती है, जबकि नाखून उसके मुकाबले बहुत सख्त होते हैं. पिंपल निकालने के दौरान जब नाखूनों से त्वचा पर ज्यादा दबाव डाला जाता है, तो आसपास की कोशिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे जलन और तेज सूजन की समस्या हो सकती है.

कई लोग पिंपल्स निकालने के लिए अलग-अलग टूल्स का सहारा लेते हैं, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के इनका इस्तेमाल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है और स्किन छिलने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए ऐसे टूल्स का खुद से प्रयोग करने से बचना ही बेहतर होता है.

त्वचा पर निशान

पिंपल को दबाने का सबसे बुरा नतीजा स्कारिंग यानी स्थायी निशान के रूप में सामने आता है. अगर आप पिंपल निकालने के लिए बहुत ज्यादा दबाव डालते हैं, तो खून निकल सकता है और त्वचा के टिश्यू गहराई तक डैमेज हो सकते हैं.

सबसे जरूरी बात यह है कि कई पिंपल्स त्वचा की ऊपरी सतह पर नहीं बल्कि गहराई में होते हैं. ऐसे में जब इन्हें दबाया जाता है, तो पिंपल बाहर निकलने के बजाय अंदर ही दब जाते हैं और त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं, जिसका असर बाद में गहरे गड्ढों या काले निशानों के रूप में दिखाई देता है.

भले ही पिंपल फोड़ना उस समय राहत देने वाला लगे, लेकिन इसके दुष्परिणाम आपकी त्वचा की खूबसूरती को प्रभावित कर सकते हैं. इसलिए अगर पिंपल्स की समस्या बार-बार या ज्यादा हो रही है, तो उन्हें खुद से ठीक करने के बजाय किसी स्किन एक्सपर्ट या डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लेना ही समझदारी भरा कदम है.

यह भी पढ़े: कैंसर के आगे शरीर क्यों बेबस हो जाता है? रिसर्च में सामने आई असली वजह

Latest News

महाराष्ट्र: शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, पुणे के अस्पताल में भर्ती

Sharad Pawar Health Deteriorates: महाराष्ट्र की राजनीतिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है. NCP (SP) पार्टी के...

More Articles Like This