Haryana: हरियाणा के अंबाला में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई. इसी बीच बाइक पर जा रहे युवक की गोली लगने से मौत हो गई. हालांकि, अभी ये पता नहीं चल पाया है कि युवक को पुलिस की या फिर पशु तस्करों की गोली लगी है. उधर, युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया है. घटना रात के 2 बजे के आस-पास की है, जब दो युवक ड्यूटी पूरी करके अपने घर जा रहे थे.
गौ तस्करों की तलाश कर रही पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार गौ तस्करों की तलाश कर रही है. कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने गरनाला निवासी गुरप्रीत सिंह को गोली लगने से मौत मामले में अम्बाला एसपी को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. मंत्री अनिल विज ने सिविल अस्पताल पहुंच मृतक के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. बताया जा रहा है कि दो युवक घर वापस जा रहे थे कि अचानक जब वो गांव टूंडला के मोड के पास पहुंचे तो गोलियां चलने की आवाज आई.
मुठभेड़ के दौरान गुरप्रीत को लगी गोली
गुरप्रीत सिंह के साथी ने देखा कि तीन गाड़ियां आ आ रही है, जिसमें एक बोलेरो और दो पुलिस की है. इस बीच पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ के दौरान गुरप्रीत को गोली लगी और वह बाइक नीचे गिर गया. सूचना मिलते ही गुरप्रीत के परिजन अस्पताल पहुंचे. वहीं अंबाला कैंट डीएसपी रमेश कुमार ने कहा कि पशु तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए और जिनकी तलाश पुलिस कर रही है.
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
अंबाला के विधायक और मंत्री अनिल विज ने मामले में आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश एसपी को दिए. ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मौके पर ही एसपी को फोन मिलाते हुए मामले में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि रात को गौ तस्कर भाग रहे थे और पुलिस की दो जिप्सियां पीछे लगी थी. आरोपियों ने गोलियां चलाई और उनके विधानसभा के गांव गरनाला के युवक गुरप्रीत सिंह को लगी. पोस्टमार्टम में यह साफ होगा कि गोली किसकी लगी. उन्होंने इस मामले में अम्बाला एसपी को सख्त निर्देश दिए हैं कि जल्द आरोपियों को पकड़ा जाए.
इसे भी पढ़ें. छत्तीसगढ़ के कांकेर में IED ब्लास्ट, तीन जवान शहीद, एक गंभीर रूप से घायल