Balaghat Car Fire: मध्य़ प्रदेश से दुखद खबर सामने आई है. यहां शनिवार की देर रात बालाघाट जिले दर्दनाक हादसा हो गया. एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग का गोला बन गई. इस हादसे में जिंदा जलकर तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए. एक आठ वर्षीय बच्ची सुरक्षित है.
दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कार में लगी आग
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12 बैहर-मलाजखंड रोड पर केवलारी चौराहे के पास एक चलती आल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका.
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीर, बचाव कार्य में जुटे
हादसे के बाद राहगीर मौके पर पहुंचे. लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कार के कांच तोड़कर तीन लोगों को बाहर निकाला. इनमें से दो लोग गंभीर रूप से झुलस चुके थे, लेकिन आग बहुत तेज होने की वजह से तीन लोगों को बाहर नहीं निकाला जा सका और उनकी जलकर दर्दनाक मौत हो गई. वहीं एक 8 वर्षीय बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
परिवार के साथ लौट रहा था सीतम केलकर
जानकारी के मुताबिक, कार चला रहा सीतम केलकर अपने गांव पोंडी (परसवाड़ा) से पौनी जा रहा था. पौनी में उसकी वेल्डिंग की दुकान है. वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ गांव आया था और देर रात अपने माता-पिता के साथ वापस लौट रहा था. कार में पड़ोस की 8 साल की बच्ची भी सवार थी, जो अपने घर पौनी जा रही थी.
बताया जा रहा है कि यह हादसा संभवतः चालक को नींद की झपकी आने की वजह से हुआ. एक मोड़ के बाद कार सीधे सड़क से नीचे उतर गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई.
घायलों और मृतकों में ये लोग हैं शामिल
राहगीरों ने किसी तरह खिड़की के कांच तोड़कर 8 वर्षीय पूर्वी राहांगडाले को बाहर निकाला. इसके बाद चालक सीतम केलकर (30 वर्ष) और उसकी मां नानाबाई केलकर (60 वर्ष) को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया, लेकिन आग ज्यादा बढ़ने की वजह से पिता नगारची केलकर (65 वर्ष), पत्नी सविता केलकर (28 वर्ष) और पुत्र अभि केलकर (3 वर्ष) को नहीं बचाया जा सका और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई.
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. वहीं दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया. बैहर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जांच कर रही है.