Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक बार फिर से विपक्ष का नेता चूने गए हैं. उनका राज्यसभा में बतौर सदस्य कार्यकाल इस साल 25 जून को समाप्त हो गया. इसके साथ ही उनका विपक्ष के नेता का पद भी रिक्त हो गया था. ऐसे में आज सोमवार को खड़गे ने राज्यसभा सदस्यता की शपथ ली.
सीपी राधाकृष्णन ने दिलाई शपथ
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे कर्नाटक से दूसरी बार उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए हैं. आज सोमवार को राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें सदस्यता की शपथ दिलाई. ख़ास बात ये है कि खड़गे ने हिंदी में शपथ ली. इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, नेता सदन जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे.
Mallikarjun Kharge ने किया पोस्ट
इसके साथ ही खड़गे को फिर से विपक्ष का नेता भी चुना गया. शपथग्रहण के बाद खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि जनता की चिंता, आकांक्षा और आवाज को पूरी ईमानदारी, दृढ़ विश्वास और संकल्प के साथ उठाते रहेंगे. खडगे ने दूसरी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने और उच्च सदन में विपक्ष के नेता के रूप में जिम्मेदारी को गर्व का विषय बताया.

1972 में कर्नाटक विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए
बता दें कि खड़गे 1972 में पहली बार कर्नाटक विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे. वो लगातार नौ बार कर्नाटक विधानसभा के सदस्य रहे. इसके अलावा खडगे कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे. वो 2009 में लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए और यूपीए 2.0 में मंत्री भी बने. खडगे 2014 से 2019 तक लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता रहे.
2019 के लोकसभा चुनाव में हार गए थे
2019 के लोकसभा चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे हार गए थे. फिर उन्हें 2020 में पहली बार राज्यसभा के लिए चुना गया. राज्यसभा सदस्य के रूप में खडगे का कार्यकाल इस साल 25 जून को समाप्त हो गया. अब वो लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए चुने गए हैं.

