Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है. इसके साथ ही मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. सुबह और देर शाम घना कोहरा छाने से सड़कों पर दृश्यता प्रभावित हो रही है. बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए शुक्रवार को राजधानी में GRAP-3 (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) की पाबंदियां लागू कर दी गईं. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार (7 नवंबर) सुबह 6 बजे दिल्ली का AQI 366 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है. चिंता की बात यह है कि राजधानी के 15 से अधिक इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के स्तर को पार कर चुका है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार (6 नवंबर) को दिल्ली का अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वहीं, न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है. पालम में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इस दौरान हवा में नमी का स्तर 56 से 98 प्रतिशत के बीच रहा.
शनिवार को कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार (7 नवंबर) को दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा. इस दौरान कई जगहों पर कोहरा और स्मॉग देखने को मिल सकता है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और धूप निकलने की उम्मीद है. हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी रहेगी और इनकी रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है.
दिल्ली के इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण Delhi Air Pollution
CPCB के रियल टाइम आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे दिल्ली के कई इलाकों में AQI गंभीर श्रेणी में पहुंच गया. आईआईटी दिल्ली में सबसे अधिक 442 AQI दर्ज किया गया. इसके बाद पंजाबी बाग में 433, विवेक विहार में 427 और जहांगीरपुरी में 421 रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा डीयू नॉर्थ कैंपस, द्वारका सेक्टर-8, सिरी फोर्ट, आरके पुरम, रोहिणी, सोनिया विहार, बवाना, नरेला, पटपड़गंज, ओखला फेज-2, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नजफगढ़, मूंडका, डीटीयू और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज समेत कई इलाकों में भी AQI 400 से ऊपर बना हुआ है. ऐसे में राजधानी के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलती नहीं दिख रही है.
GRAP-3 के तहत क्या-क्या बदलेगा?
दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू होने के बाद कई गतिविधियों पर सख्ती बढ़ा दी गई है. इसके तहत BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है. वहीं, पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड में कराने का प्रावधान लागू किया गया है. सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 फीसदी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने का निर्देश भी शामिल है. इसके अलावा निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. प्रदूषण के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों को बाहर निकलते समय मास्क लगाने और अनावश्यक रूप से खुले में रहने से बचने की सलाह दी जा रही है.

