एक ट्रेन, 3 धाम और 11 ज्योतिर्लिंग… IRCTC लेकर आया श्रद्धालुओं के लिए खास टूर पैकेज

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

IRCTC Tour Package: देशभर के श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) एक बार फिर खास धार्मिक यात्रा लेकर आया है. अगर आप लंबे समय से द्वारकाधीश, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम और देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का सपना देख रहे हैं, तो अब यह इच्छा एक ही यात्रा में पूरी हो सकती है. IRCTC ने विशेष भारत गौरव डीलक्स एसी पर्यटक ट्रेन चलाने की घोषणा की है, जिसके जरिए श्रद्धालु 18 दिनों में तीन धाम, 11 ज्योतिर्लिंग और कई ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे.

यह विशेष ट्रेन 3 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और देश के विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए यात्रियों को आध्यात्मिक यात्रा का अनूठा अनुभव प्रदान करेगी. पूरी तरह वातानुकूलित भारत गौरव डीलक्स पर्यटक ट्रेन को विशेष रूप से धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. ट्रेन में फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी श्रेणी की सीटें उपलब्ध होंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें दो आधुनिक रेस्तरां, अत्याधुनिक रसोईघर, सेंसर आधारित वाशरूम, अलग-अलग शॉवर क्यूबिकल और आरामदायक बैठने एवं सोने की व्यवस्था की गई है.

सिर्फ सुविधाएं ही नहीं, बल्कि सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है. प्रत्येक कोच में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि हर कोच के लिए अलग सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाएगी. यात्रियों को लंबी यात्रा के दौरान आराम देने के लिए ट्रेन में फुट मसाजर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन

इस यात्रा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि श्रद्धालुओं को एक ही सफर में देश के तीन प्रमुख धामों और 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा.

तीन धाम में शामिल हैं:

  • जगन्नाथपुरी धाम
  • रामेश्वरम धाम
  • द्वारकाधीश धाम

11 ज्योतिर्लिंगों में शामिल हैं:

  • काशी विश्वनाथ, वाराणसी
  • बैद्यनाथ धाम, देवघर
  • मल्लिकार्जुन
  • भीमाशंकर
  • घृष्णेश्वर
  • त्र्यंबकेश्वर
  • नागेश्वर
  • सोमनाथ
  • महाकालेश्वर
  • ओंकारेश्वर
  • अन्य प्रमुख ज्योतिर्लिंग स्थल

इसके अलावा श्रद्धालु यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल एलोरा के प्रसिद्ध कैलाश मंदिर, नासिक के पंचवटी और रामायण काल से जुड़े धनुष्कोडी के ऐतिहासिक अवशेषों के भी दर्शन कर सकेंगे.

ऐसा रहेगा पूरा यात्रा कार्यक्रम

यात्रा दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी. दूसरे दिन ट्रेन वाराणसी पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और गंगा में नौका विहार का आनंद लेंगे.

इसके बाद ट्रेन झारखंड के जसडीह स्टेशन पहुंचेगी. यहां यात्रियों को बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन कराए जाएंगे. इसके बाद यात्रा ओडिशा के पुरी की ओर बढ़ेगी. पुरी में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने के साथ समुद्र तट का भ्रमण भी करेंगे. यहां यात्रियों के लिए एक रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी.

पुरी के बाद ट्रेन आंध्र प्रदेश स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के लिए रवाना होगी. इसके बाद अगला पड़ाव तमिलनाडु का रामेश्वरम होगा. यहां श्रद्धालु रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन करेंगे, जिसे हिंदू धर्म के चार प्रमुख धामों में विशेष महत्व प्राप्त है.

रामेश्वरम में दर्शन के बाद यात्रियों को धनुष्कोडी और विभीषण मंदिर जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. इसके बाद यात्रा महाराष्ट्र की ओर बढ़ेगी, जहां सह्याद्री पर्वत श्रृंखला में स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे.

पुणे में रात्रि विश्राम के बाद ट्रेन छत्रपति संभाजीनगर पहुंचेगी. यहां श्रद्धालु एलोरा के विश्व प्रसिद्ध कैलाश मंदिर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे. इसके बाद ट्रेन नासिक पहुंचेगी, जहां त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग और पंचवटी के पवित्र स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.

यात्रा के अगले चरण में श्रद्धालु गुजरात स्थित द्वारका पहुंचेंगे. यहां सुबह-सुबह द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन के बाद नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और बेत द्वारका के दर्शन कराए जाएंगे. इसके बाद ट्रेन सोमनाथ पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर, समुद्र तट और भालका तीर्थ का भ्रमण करेंगे.

यात्रा का अंतिम प्रमुख पड़ाव मध्य प्रदेश का उज्जैन होगा. यहां श्रद्धालु बाबा महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे. इसके बाद नर्मदा नदी के किनारे स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे. 18 दिनों की यह आध्यात्मिक यात्रा पूरी करने के बाद विशेष ट्रेन पुनः दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी.

कितना होगा किराया?

आईआरसीटीसी ने इस विशेष धार्मिक यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार किराया तय किया है.

  • एसी फर्स्ट क्लास – ₹1,98,010 प्रति व्यक्ति
  • एसी सेकेंड क्लास – ₹1,81,995 प्रति व्यक्ति
  • एसी थर्ड क्लास – ₹1,49,965 प्रति व्यक्ति

किराए में क्या-क्या शामिल?

इस पैकेज में ट्रेन यात्रा का किराया, तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था, यात्रा के दौरान शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्टेशन से मंदिरों एवं पर्यटन स्थलों तक एसी वाहनों से भ्रमण, दुर्घटना बीमा तथा आईआरसीटीसी के टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं. धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया यह पैकेज उन श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास माना जा रहा है, जो कम समय में देश के प्रमुख धामों और ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना चाहते हैं. एक ही यात्रा में इतने बड़े धार्मिक सर्किट को कवर करने की वजह से यह टूर पैकेज श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

यह भी पढ़े: प्रदेश में आज से सक्रिय होगा एक और विक्षोभ, इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Latest News

‘देशद्रोही हैं सब..खुद पर आनी चाहिए शर्म…’,ट्रंप के खिलाफ पास हुआ बिल तो राष्ट्रपति का पारा हाई

Donald Trump: ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी संसद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ही सांसद उनकी खिलाफ बागी हो...

More Articles Like This