Jammu-Kashmir: गृह मंत्री शाह तीन दिन रहेंगे जम्मू-कश्मीर में, इस रणनीति पर होगा मंथन

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Jammu-Kashmir: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 से 7 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं. जम्मू-कश्मीर के बजट सत्र और किश्तवाड़ व उधमपुर में जारी आतंकरोधी अभियानों के बीच शाह का हो रहा यह दौरा सुरक्षा की दृष्टि से अहम माना जा रहा है.

सुरक्षा स्थिति पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे शाह

अमित शाह जम्मू में प्रदेश की सुरक्षा स्थिति पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे और कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी जाएंगे. सूत्रों के मुताबिक, घुसपैठ रोकने के लिए बीएसएफ की ओर से सीमा पर लगाए गए नए उपकरणों का भी केंद्रीय गृह मंत्री निरीक्षण करेंगे.

शाह सीमा चौकियों पर जवानों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं व चुनौतियों पर बात करेंगे. मालूम हो कि हीरानगर और सांबा सेक्टर आतंकी घुसपैठ के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहे हैं. शाह स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की सुरक्षा रणनीति को और मजबूत बनाने पर बल देंगे.

केंद्रीय गृह सचिव ने किया था दौरा

नई दिल्ली में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद 14-15 जनवरी को केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख तपन डेका, सीएपीएफ के प्रमुखों और अन्य एजेंसियों ने जम्मू का दौरा किया था.

शाह एक माह के अंदर जम्मू-कश्मीर की दूसरी बार सुरक्षा समीक्षा करने जा रहे हैं. इसके पहले 8 जनवरी को उन्होंने दिल्ली में उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक ली थी. 6 फरवरी को होने वाली बैठक में आतंकवाद विरोधी अभियानों, घुसपैठ और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. इस बैठक में पुलिस, अर्धसैनिक बलों, खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे.

अमित शाह का कार्यक्रम

अमित शाह 5 फरवरी को करीब पांच बजे जम्मू पहुंचेंगे. वे सीधे लोक भवन जाएंगे और शाम को ही सियासी नेताओं के साथ बैठक करेंगे.
6 फरवरी को सुबह हीरानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा करेंगे.
6 फरवरी दोपहर को लोकभवन में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति पर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे.
7 फरवरी को सुबह जम्मू से श्रीनगर रवाना होंगे. श्रीनगर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

Latest News

SIR के मुद्दे पर राष्ट्रीय हित की जगह वोट बैंक की राजनीति कर रही है कांग्रेस और समाजवादी पार्टी: डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ। लोकतंत्र की जड़ों पर जब भी प्रहार होता है, तब-तब राष्ट्र को सच के साथ खड़े नेतृत्व की...

More Articles Like This

Exit mobile version