Job Opportunities: राजस्थान के उदयपुर शहर से चलने वाली इन्फ्लुइश नाम की कंपनी ने दिवाली पर अनोखी भर्ती निकाली है. दरअसल, कंपनी के सीईओ संकल्प नाग ने कहा कि उन्हें एक ऐसे शख्स की तलाश है जो दिन भर ऑफिस में बैठकर इंस्टाग्राम रील्स देखे और फिर उन्हें बताए कि क्या वायरल हो रहा है. उन्होंने कंपनी के सभी एम्प्लॉइज के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए इस जॉब के बारे में जानकारी दी है. साथ ही यह भी बताया है कि आप इस नौकरी के लिए कैसे अप्लाई कर सकते हैं.
‘हम डूमस्क्रॉलर ढूंढ रहे हैं’
वीडियो में फाउंडर ने कहा कि ‘यदि आपको इंस्टाग्राम चलान में बहुत ज्यादा मजा आता है तो हम आपको इस चीज के पैसे देंगे, क्योंकि हम एक डूमस्क्रॉलर ढूंढ रहे हैं, जो दिन भर बैठकर सिर्फ रील्स स्क्रॉल करेगा और हम सभी को बताएगा कि इंस्टाग्राम पर क्या वायरल हो रहा है. अगर इस जॉब के लिए अप्लाई करना चाहते हो तो कमेंट में हाय लिख दो. अगर आप उदयपुर से हो तो लिंक आपको मैसेज कर दिया जाएगा.’
इंस्टा बायो में है हायरिंग फॉर्म
यदि आप इस नौकरी के लिए अप्लाई करना चाहते हैं तो आपको gangsofstartup नाम से बने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जाना होगा, जहां आपको बायो में हायरिंग गूगल फॉर्म का लिंक मिल जाएगा. यहां आपको अपना नाम, फोन नंबर, एड्रेस की जानकारी देनी होगी. साथ ही आपकों फुल टाइम या इंटर्नशिप में से किसी एक को सिलेक्ट करना होगा. वहीं, किस पॉजिशन के लिए अप्लाई कर रहे हैं वो बताइए. अपनी करंट एंड एक्सपेक्टेड सैलरी बताइए. अपना रिज्यूमे अपलोड कीजिए और बस फॉर्म सब्मिट कर दीजिए. इसके आलावा आपका सीवी सिलेक्ट होता है तो आपके पास रिप्लाई आ जाएगा.
लोगों ने किए मजेदार रिएक्शन्स
4 नवंबर को इंस्टाग्राम पर पोस्टेड की इस वीडियो को 3 लाख से ज्यादा लोग देख चुके है. 11 हजार से ज्यादा लोगों ने इस नौकरी के लिए एप्लीकेशन फॉर्म मांगा है, जबकि कुछ ने मजेदार कमेंट्स किए हैं.
एक यूजर ने लिखा- ‘ये जॉब मेरे लिए बेस्ट रहेगी.’ दूसरे यूजर ने लिखा- ‘बस इसी जॉब की तलाश थी.’ तीसरे यूजर ने लिखा- ‘ये तो सपनों की नौकरी जैसी लग रही है.’ चौथे यूजर ने लिखा- ‘मुझे हायर कर लो. बेस्ट परफॉर्मर अवार्ड भी ले जांऊगा.’