kerala Name Changed: मंगलवार को नई पीएमओ बिल्डिंग सेवा तीर्थ में हुई पहली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए. मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी दे दी है. मालूम हो कि आगामी अप्रैल-मई महीने के बीच केरल में विधानसभा का चुनाव होना है. ऐसे में सरकार का ये फैसला काफी अहम माना जा रहा है. इस बात की जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को दी है.
मालूम हो कि केरल की विधानसभा ने वर्ष 2024 में 24 जून को आम सहमति के साथ प्रस्ताव पारित किया था और केंद्र सरकार से अपील की थी कि केरल का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर केरलम कर दिया जाए. विधानसभा की ओर से भेजे गए इस प्रस्ताव पर अब मंगलवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में केरल का नाम बदलकर केरलम करने को मंजूरी दे दी गई है.
पहले भी भेजा गया था नाम बदलने का प्रस्ताव
केरल विधानसभा की तरफ से राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव को दूसरी बार पारित किया गया था. इससे पहले वर्ष 2023 के अगस्त में केरल विधानसभा ने राज्य का नाम बदलने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर इसे केंद्र को भेजा था. हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए इसमें कुछ तकनीकी बदलाव करने का सुझाव दिया था. जानकारी के अनुसार, इस प्रस्ताव को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पेश किया था. उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की थी कि संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ कर दिया जाए.

