मणिपुर में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, 5 उग्रवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद

Manipur: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षा बलों ने अलग.अलग इलाकों में चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान विभिन्न प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े पांच सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार और खतरनाक विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं. बताया जा रहा है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है.

सावोम्बुंग खुनजाओ से एक उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी साझा की है. एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को इंफाल पूर्व जिले के सावोम्बुंग खुनजाओ से एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मंगलवार को चंदेल जिले के खांगतुंग गांव के निकट चार अन्य उग्रवादियों को पकड़ा गया. अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मायंगलाम्बम गांधी सिंह (24), लांगपोकलाकपम सुशील सिंह (25), लैतोंजाम कन्हैया सिंह (26) और कांगजाम नरेश मेइती (20) के रूप में हुई है.

एक अभियान के दौरान विस्फोटक बरामद

उन्होंने बताया कि बुधवार को इंफाल पूर्व जिले के इरिलबुंग क्षेत्र में चलाए गए एक अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक झोपड़ी से हथियार और विस्फोटक बरामद किए. बरामद सामग्री में दो एके राइफल, एक एसएलआर राइफल, नौ एमएम की एक कार्बाइन, चार हथगोले, तीन मैगजीन तथा विभिन्न बोर के 42 कारतूस शामिल हैं. केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बल संयुक्त रूप से मणिपुर के संवेदनशील पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन अभियान भी चला रहे हैं. संदिग्ध वाहनों और अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पूरे राज्य में 114 नाके लगाए गए हैं.

अफवाहों से सतर्क रहने की अपील

इसके अलावा इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर खाद्यान्न और जरूरी सामान लेकर जाने वाले ट्रकों समेत अन्य वाहनों को सुरक्षा एस्कॉर्ट भी उपलब्ध कराया जा रहा है. वहीं मणिपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और फर्जी वीडियो से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि फर्जी पोस्ट या वीडियो साझा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें. मुजफ्फरपुर: हॉस्पिटल में लगी आग, पांच मरीजों की मौत, कई घायल, CM सम्राट चौधरी ने मुआवजे का किया ऐलान

Latest News

31 October 2026 Ka Panchang: शनिवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

31 October 2026 Ka Panchang: 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि है. षष्ठी तिथि...

More Articles Like This

Exit mobile version