कोलकाताः पूर्व सीएम ममता बनर्जी की बढ़ी टेंशन बढ़ती ही जा रही है. तृणमूल कांग्रेस में जारी उठापटक के बीच वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने रविवार को दावा किया कि बागी खेमे के साथ अब 20 नहीं, बल्कि 22 सांसद हैं.
कोलकाता एयरपोर्ट पर काकोली ने कहा…
दिल्ली रवाना होने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर काकोली ने कहा कि दो और सांसद उनके संपर्क में हैं और औपचारिक रूप से साथ आने के बाद उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे.
सोमवार को स्पीकर से मुलाकात
काकोली ने बताया कि सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात का समय मिला है. इस दौरान तृणमूल के बागी गुट के सांसद लोकसभा स्पीकर से अलग संसदीय ब्लॉक के रूप में मान्यता देने की मांग करेंगे.
उत्तर 24 परगना जिले की बारासात लोकसभा सीट से लगातार चार बार की सांसद काकोली ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बंगाल की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर असहमति जताने वाले कई नेताओं और सांसदों ने उनसे संपर्क किया है.
तेज हो गई है बागी खेमे की गतिविधियां
इस बीच बागी खेमे की गतिविधियां तेज हो गई हैं. तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी की करीबी रहीं दक्षिण कोलकाता से वरिष्ठ सांसद माला राय भी दिल्ली पहुंच चुकी हैं, जबकि मेदिनीपुर की सांसद जून मालिया भी राजधानी के लिए रवाना हो गई हैं. ऐसा माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा होगी.
मालूम हो कि हाल ही में तृणमूल के 19 बागी सांसदों के हस्ताक्षर वाला एक पत्र सामने आया था, जिसमें काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में अलग संसदीय ब्लॉक बनाने की मांग की गई थी. बागी सांसदों का एक वर्ग केंद्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार को समर्थन देने के पक्ष में भी बताया जा रहा है.

