Mumbai LPG Crisis: कमर्शियल LPG की कमी से संकट, 40% रेस्टोरेंट प्रभावित; कई होटल बंद, मेन्यू में भी कटौती

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Mumbai LPG Crisis: मुंबई में कमर्शियल LPG गैस की कमी का असर अब रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पर साफ दिखाई देने लगा है. शहर के कई रेस्टोरेंट गैस की कमी के कारण बंद हो गए हैं, जबकि कई ने अपने मेन्यू और सेवाओं में कटौती करनी शुरू कर दी है. इंडियन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) के अनुसार, मुंबई में करीब 35 से 40 प्रतिशत रेस्टोरेंट इस संकट से प्रभावित हुए हैं.


गैस की कमी से कई रेस्टोरेंट बंद

AHAR के सूत्रों के मुताबिक, प्रभावित रेस्टोरेंट में से करीब 20 प्रतिशत पूरी तरह बंद हो चुके हैं. वहीं लगभग 20 प्रतिशत रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू में व्यंजनों की संख्या कम कर दी है. इस संकट का सबसे ज्यादा असर मुंबई के आइलैंड सिटी इलाके के रेस्टोरेंट पर देखा जा रहा है, जहां PNG पाइपलाइन नेटवर्क नहीं होने के कारण रेस्टोरेंट LPG सिलेंडरों पर ही निर्भर हैं.

यह भी पढ़े: Jhansi LPG Cylinder Theft: LPG संकट के बीच झांसी में बड़ी चोरी! 524 सिलेंडरों से भरा ट्रक ले उड़े चोर


कई रेस्टोरेंट ने मेन्यू में की कटौती

गैस की कमी के चलते घाटकोपर का होटल आनंद फिलहाल बंद कर दिया गया है. वहीं माटुंगा के मशहूर रामआश्रय रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू में करीब 50 प्रतिशत तक कटौती कर दी है. बांद्रा के सोल फ्राई रेस्टोरेंट ने भी अपनी लंच सेवा अस्थायी रूप से रोक दी है और फिलहाल सीमित व्यंजन जैसे सैंडविच, सलाद और स्टीम्ड फूड ही परोस रहा है.


AHAR ने दी चेतावनी

AHAR के अध्यक्ष विजय शेट्टी ने कहा कि अगर एक-दो दिन के भीतर गैस की कमी दूर नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. उन्होंने बताया कि कई होटल मालिकों के पास मौजूद LPG सिलेंडर गुरुवार शाम तक ही चल पाएंगे. इसके बाद रेस्टोरेंट संचालन में बड़ी दिक्कत आ सकती है.


कालाबाजारी भी बनी संकट की वजह

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कई रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी भी इस संकट को बढ़ा रही है, जिससे उनकी लागत काफी बढ़ गई है. कुछ रेस्टोरेंट ने इस समस्या से निपटने के लिए इंडक्शन स्टोव का इस्तेमाल शुरू कर दिया है, लेकिन इससे सभी प्रकार के व्यंजन बनाना संभव नहीं हो पा रहा है.

यह भी पढ़े: LPG Crisis Impact: एलपीजी की कमी की खबरों के बीच इंडक्शन चूल्हों की मांग बढ़ी, अप्लायंसेज कंपनियों के शेयर चढ़े

More Articles Like This

Exit mobile version