Lalbaugcha Raja: गणेशोत्सव शुरू होते ही मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है. इसी भीड़ के बीच चोरों और जेबकतरों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है. 14 सितंबर को लालबाग इलाके में दर्शन के लिए लगी कतार के दौरान चोरी की कई घटनाएं सामने आईं. इन वारदातों में श्रद्धालुओं के करीब ₹1 लाख 87 हजार 300 रुपये के सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, एक मामले में श्रद्धालु की सतर्कता और पुलिस की तेजी के चलते दो संदिग्ध आरोपियों को पकड़ लिया गया.
गले से सोने की माला गायब
पहली घटना लालबाग के डॉ. बीए रोड पर कुबल मसाला के पास दर्शन के लिए लगी कतार में सामने आई. लालबाग की रहने वाली 67 वर्षीय वर्षा विश्वनाथ फोपळे सुबह करीब 10:15 बजे दर्शन के लिए लाइन में खड़ी थीं. करीब 11 बजे भीड़ के दौरान जब उन्होंने अपनी साड़ी ठीक की, तो उन्हें गले से सोने की माला गायब होने का पता चला. वर्षा के मुताबिक, 10 ग्राम की इस सोने की माला की कीमत करीब ₹70 हजार थी. आसपास काफी तलाश करने के बावजूद जब माला नहीं मिली, तो वह अपनी नातिन कस्तूरी फोपले के साथ कालाचौकी पुलिस स्टेशन पहुंचीं और मामले की शिकायत दर्ज कराई.
चोरी की कई वारदात सामने आई Lalbaugcha Raja
इसी दौरान सायन कोलीवाड़ा के रहने वाले 49 वर्षीय धनंजय विष्णु बालसराफ भी शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने बताया कि दर्शन के लिए लगी इसी भीड़भाड़ वाली कतार में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से 13 ग्राम की सोने की चेन निकाल ली. चोरी हुई चेन की अनुमानित कीमत करीब ₹90 हजार बताई गई है. इसके कुछ समय बाद दोपहर करीब 1:30 बजे चोरी की एक और वारदात सामने आई. मालाड में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने वाले 28 वर्षीय माइकल बबलू नाडर दर्शन के लिए कतार में खड़े थे. इसी दौरान दो संदिग्धों ने कथित तौर पर उनकी जेब से करीब ₹25 हजार का मोबाइल फोन और ₹2,300 नकद निकाल लिए.
भीड़ ने आरोपियों की पिटाई की
माइकल को जैसे ही अपनी (Lalbaugcha Raja) जेब से सामान गायब होने का पता चला, उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया और ‘चोर-चोर’ चिल्लाते हुए आसपास के लोगों को सतर्क किया. उनकी आवाज सुनकर मौजूद श्रद्धालुओं ने भाग रहे दोनों संदिग्धों का पीछा किया और कुछ ही देर में उन्हें पकड़ लिया. इस दौरान भीड़ ने दोनों की पिटाई भी कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही सादे कपड़ों में इलाके में गश्त कर रही कालाचौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने दोनों संदिग्धों को भीड़ से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय आरिफ सकसेनसिंह गुज्जर और 23 वर्षीय सोमनाथ समनसिंह राठौड़ के तौर पर हुई है. दोनों के मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे अकेले चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे या उनके पीछे कोई संगठित गिरोह भी काम कर रहा है. इसके अलावा, पुलिस गणेशोत्सव के दौरान मुंबई के अलग-अलग इलाकों में सामने आई चोरी की अन्य घटनाओं से भी इन आरोपियों के संभावित संबंध की जांच कर रही है.
श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की
इस बीच, कालाचौकी पुलिस ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान भारी भीड़ के बीच अपने सोने-चांदी के गहने, मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें. कतार में किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर नजर पड़ने पर तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी देने की भी अपील की गई है.

