PM Modi Sikkim visit: दो दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम पहुंचे हैं. यहां सिक्किम के राज्य बनने के 50वें वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह पर पीएम मोदी ने कहा कि यहां आते ही एक नई अनुभूति, नया आनंद और चारों तरफ उत्सव का माहौल देखा. मन खुशियों से भर गया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि रात में हुई बारिश, फिर सुबह की ठंडक और ये खिली हुई धूप. सिक्किम के रंग ही निराले हैं. पूरब का स्वर्ग सिक्किम, आर्किडस का गार्डन सिक्किम. इसका अप्रतिम सौंदर्य, यहां की शांति, यहां का आध्यात्मिक आनंद, ये अनुभूति बड़े सौभाग्य से मिलती है.
पीएम मोदी ने कहा, ‘जब देश में राजनीतिक स्वार्थ के चलते भाषावाद, प्रांतवाद, ऊंच-नीच और देश में भेदभाव के लिए लगातार कोशिश हो रही है. आज सिक्किम ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत के दर्शन करा दिए. उन्होंने इस छोटे से कार्यक्रम में पूरा हिंदुस्तान आंखों के सामने खड़ा कर दिया.’
पीएम ने कहा, ‘वाकई आपने दिल जीत लिया है. केवल मोदी का ही नहीं, पूरे हिंदुस्तान का दिल जीत लिया है आपने आज. यही तो भारत भक्ति, देशभक्ति होती है. नई पीढ़ी में इसी से देशभक्ति के भाव जागते हैं.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘सिक्किम आने पर मुझे इसलिए भी बहुत ख़ुशी है, क्योंकि पिछली बार मैं खराब मौसम के कारण यहां तक नहीं पहुंच पाया था. मुझे बागडोगरा से ऑनलाइन ही आपसे जुड़ना पड़ा था. आपसे मिलने की वो कसक मेरे मन में बनी हुई थी. इसलिए मैं इंतजार में था. वो इंतजार भी आज इस अवसर के माध्यम से पूरा हुआ है.’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले, ‘सिक्किम के लोगों से मिलना मुझे हमेशा एक अलग सुकून देता है. आपकी सौम्यता, आपकी सादगी, आपके चेहरों की मुस्कान अद्भुत है. यहां आने से पहले भी मैं सिक्किम के कई प्रतिभाशाली लोगों से मिला हूं. सिक्किम के प्रबुद्ध लोग, पद्म सम्मान विजेता, आर्टिस्ट और फुटबॉल खिलाड़ियों से मेरी अलग-अलग विषयों और बात हुई है.’
पीएम ने कहा कि कल शाम जो रोड-शो हुआ, मैं उसे भी अब तक भूल नहीं पाया हूं और न ही कभी भूल पाऊंगा. हाथों में हमारा प्यारा तिरंगा, लगातार भारत माता का जयकारा और वंदे मातरम् का उद्घोष, पूरा वातावरण एक भारत-श्रेष्ठ भारत की तस्वीरों से रंगा हुआ था.
प्रधानमंत्री ने सिक्किम की स्वच्छता की तारीफ करते हुए कहा कि एक सबसे अच्छी बात मुझे पूरे रास्ते भर दिखी, वो थी सिक्किम की सड़कों की स्वच्छता. दूर-दूर तक कोई गंदगी नहीं, वायु में भी स्वच्छता, सड़कों पर भी स्वच्छता, सिक्किम के आप लोग प्रकृति के पक्के वाले संरक्षक हैं, ब्रांड एंबेस्डर हैं.
पीएम मोदी ने कहा, ‘जिस समय जिसको जो करना था, वो किया, उसने सिक्किम को दिया. अब इसकी जिम्मेदारी हमारे ऊपर है. सिक्किम की सरकार प्रेम सिंह तमांग जी के नेतृत्व में पूरी ईमानदारी से सिक्किम की विरासत को संजोने और विकास को गति देने का काम कर रही है.’
‘सिक्किम और नॉर्थ ईस्ट भारत की अष्टलक्ष्मी है‘
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सिक्किम और नॉर्थईस्ट हमारे लिए केवल देश का एक अहम हिस्सा ही नहीं है, बल्कि ये भारत की अष्टलक्ष्मी है. नॉर्थईस्ट हिंदुस्तान की अष्टलक्ष्मी है, इसलिए हम एक्ट ईस्ट की पॉलिसी पर तो काम कर रहे हैं, साथ ही हमने नॉर्थईस्ट के लिए एक्ट फास्ट का संकल्प भी लिया है.’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘हमारे सिक्किम की बहुत बड़ी ताकत उसकी टूरिज्म इकोनॉमी है. सिक्किम का कुल क्षेत्रफल देश के कुल क्षेत्रफल का 1% से भी कम है, लेकिन देश की 25% से भी ज्यादा फ्लोरम डाइवर्सिटी हमारे सिक्किम में मिलती है. हम सिक्किम की कनेक्टिविटी और यहां इंफ्रास्ट्रक्चर पर सबसे ज्यादा फोकस कर रहे हैं. बीते वर्षों में यहां सैकड़ों किलोमीटर हाइवे का निर्माण हुआ है. गांव-गांव तक सड़कों को पहुंचाने के लिए तेजी से काम चल रहा है.’