Srinagar Smart Bus: कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी तैयारी शुरू हो गई है. जल्द ही शहर की सड़कों पर पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी. श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अनुसार, केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत मंजूर की गई 100 नई इलेक्ट्रिक बसों का पहला बैच इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर तक कश्मीर पहुंचने की उम्मीद है.
इन बसों के शामिल होने से न सिर्फ श्रीनगर शहर बल्कि आसपास के इलाकों में भी यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलने की संभावना है. फिलहाल शहर में बसों की सीमित संख्या के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार, भीड़भाड़ और कई रूटों पर पर्याप्त सेवा नहीं मिलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में नई इलेक्ट्रिक बसों के आने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में
श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एक अधिकारी ने बताया कि नई बसों की खरीद प्रक्रिया फिलहाल जारी है. इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) के पास है. अधिकारी के मुताबिक, टेंडरिंग और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं मंत्रालय की ओर से पूरी की जा रही हैं. उम्मीद है कि बसों का पहला बैच इस साल अक्टूबर-नवंबर तक श्रीनगर पहुंच जाएगा, जिसके बाद इन्हें चरणबद्ध तरीके से विभिन्न रूटों पर उतारा जाएगा.
पहले जून 2026 तक आने की थी उम्मीद
गौरतलब है कि श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों ने पिछले साल दिसंबर में कहा था कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत मंजूर की गई अतिरिक्त बसें जून 2026 तक श्रीनगर पहुंच सकती हैं. हालांकि खरीद प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं में देरी के कारण अब इन बसों के अक्टूबर-नवंबर में पहुंचने की संभावना जताई गई है.
फिलहाल 98 स्मार्ट बसों से चल रही सेवा
इस समय श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के पास 98 स्मार्ट बसों का बेड़ा है, जो श्रीनगर शहर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को सेवाएं दे रहा है. लेकिन बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या के मुकाबले यह संख्या पर्याप्त नहीं मानी जा रही. खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में बसों में भारी भीड़ रहती है. कई रूटों पर यात्रियों को लंबे समय तक बसों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है.
क्या है पीएम ई-बस सेवा योजना?
केंद्र सरकार ने 16 अगस्त 2023 को पीएम ई-बस सेवा योजना की शुरुआत की थी. इस योजना का उद्देश्य पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत देशभर के शहरों में 10,000 इलेक्ट्रिक बसें संचालित कर शहरी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाना है. इस योजना के तहत विभिन्न राज्यों और शहरों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि प्रदूषण कम करने के साथ-साथ यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिल सके.
यात्रियों ने जताई चिंता
नई बसों के आने में हुई देरी को लेकर यात्रियों ने चिंता भी जताई है. उनका कहना है कि मौजूदा बसों की संख्या कम होने के कारण कई रूटों पर रोजाना भीड़ का सामना करना पड़ता है. यात्रियों का कहना है कि पीक आवर्स में बसें पूरी तरह भर जाती हैं और कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता है. ऐसे में नई बसों की खरीद प्रक्रिया में हुई देरी को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द नई बसों को सेवा में शामिल करने की मांग की है.
घाटी के लोगों ने फैसले का किया स्वागत
दूसरी ओर, घाटी के लोगों ने 100 नई स्मार्ट बसों की घोषणा का स्वागत किया है. उनका मानना है कि इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में काफी सुधार होगा और लोगों को यात्रा करने में राहत मिलेगी. छात्र आबिद सुलतान ने कहा कि मौजूदा समय में स्मार्ट बसों की संख्या बेहद कम है. उनके अनुसार, 98 स्मार्ट बसों में से करीब 90 प्रतिशत बसें श्रीनगर शहर में ही संचालित होती हैं, जबकि घाटी के अन्य जिलों में बहुत कम स्मार्ट बसें उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि अन्य जिलों के लोगों को रोजाना ट्रैफिक और परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में 100 नई स्मार्ट बसों के शामिल होने से न केवल श्रीनगर बल्कि घाटी के अन्य इलाकों के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़े: कनाडा सरकार का गैंगस्टर नेटवर्क पर अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, 2 दर्जन से अधिक भारतीयों को देश से निकाला

