पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित होंगे भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेंद्र राय

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

गाजीपुर: पत्रकारिता केवल खबरों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज की आवाज बनकर सच को सामने लाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का भी कार्य करती है. इसी पत्रकारिता के महत्व और पत्रकारों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से गाजीपुर में एक विशेष और भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. पत्रकारिता दिवस के अवसर पर गाजीपुर प्रेस क्लब के तत्वावधान में आगामी 30 मई 2026 को शहर के होटल द ग्रैंड पैलेस में पत्रकारिता शिखर सम्मान समारोह 2026 का आयोजन होगा.

इस कार्यक्रम के तहत देश के ख्‍यातिलब्‍ध पत्रकार और भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी एवं एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय को ‘पत्रकारिता शिखर सम्मान 2026’ से सम्मानित किया जाएगा. पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और विशेष कार्यशैली को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है.

दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को भी मिलेगा सम्मान

गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर से इस समारोह को केवल सम्मान कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि पत्रकारों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान की भावना को भी इसमें विशेष स्थान दिया गया है. कार्यक्रम के दौरान जिले के दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा गाजीपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को संस्था की ओर से विशेष टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा. इस पहल को पत्रकारों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को समाज के सामने लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

कई बड़ी हस्तियां होंगी कार्यक्रम में शामिल

पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोकप्रिय एमएलसी विशाल सिंह चंचल बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं कार्यक्रम में सपा के जिलाध्यक्ष गोपाल जी यादव, बसपा के जिलाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविकांत राय और समाजसेवी विनोद राय बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे. इसके अलावा जिले के कई गणमान्य लोग और उत्तर प्रदेश के कई चर्चित पत्रकार भी समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे.

पत्रकार हितों के लिए लगातार काम कर रहा गाजीपुर प्रेस क्लब

गाजीपुर प्रेस क्लब पिछले कई वर्षों से जिले के पत्रकारों के हितों के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाता रहा है. संस्था की ओर से सभी सदस्यों के लिए प्रत्येक वर्ष 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाता है. इतना ही नहीं, किसी भी आपात स्थिति में संस्था अपने राहत कोष के माध्यम से सदस्यों की सहायता करने का भी प्रयास करती है. इसके अलावा वर्षभर संस्था द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता रहा है.

पत्रकारिता शिखर सम्मान की नई परंपरा की शुरुआत

गाजीपुर प्रेस क्लब ने इस वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित करने की नई परंपरा शुरू की है. इसी कड़ी में इस वर्ष वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय को इस सम्मान के लिए चुना गया है. गाजीपुर के शेरपुर गांव के रहने वाले उपेंद्र राय ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सहारा न्यूज नेटवर्क से की थी.

अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और विशिष्ट रिपोर्टिंग शैली के दम पर उन्होंने देश की पत्रकारिता में एक अलग पहचान बनाई. पत्रकारिता के अपने लंबे सफर में उन्होंने देश के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रभावशाली रिपोर्टिंग के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित किया है. वर्तमान में वह भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क में सीएमडी एवं एडिटर-इन-चीफ के पद पर कार्यरत रहते हुए पत्रकारिता को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं.

इस समारोह के बाबत जानकारी देते हुए गाजीपुर प्रेस क्‍लब के अध्‍यक्ष शिवकुमार ने बताया कि संस्‍था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के जरिये गाजीपुर की पत्रकारिता में एक नई परम्‍परा शुरु की जा रही है साथ ही जिले के सभी पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकार हितों के संघर्ष के लिए गाजीपुर प्रेस क्‍लब सदैव प्रतिबद्ध है.

Latest News

ईरान में इंटरनेट सेवा बहाल करने का आदेश, 87 दिनों बाद हटा प्रतिबंध, राष्ट्रपति के ऐलान से खुशी का माहौल

Tehran: ईरान में लंबे अंतराल के बाद इंटरनेट सेवा फिर से बहाल करने का आदेश दे दिया गया है....

More Articles Like This

Exit mobile version