Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी में आयोजित ‘महिला सम्मेलन’ में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान काशी से लेकर अयोध्या और महाराष्ट्र तक कनेक्टिविटी बढ़ाने वाले बड़े कदम भी उठाए गए. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए नारी शक्ति, विकास और देश के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही.
काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प
उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव तो है ही, थोड़ी देर पहले यहां हजारों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है. इसमें विकास से जुड़ी हर प्रकार की परियोजनाएं हैं, साथ ही काशी और अयोध्या की कनेक्टिविटी बढ़ाने वाले काम भी हैं. कुछ देर पहले दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है, काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई. ये दोनों अमृत भारत ट्रेनें यूपी और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी. अब मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प मिल गया है. मैं इस शुभारंभ के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं. भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है. जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारीशक्ति है.
उन्होंने आगे कहा कि हमारी काशी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकठा और मां गंगा, ऐसी दिव्य शक्तियों की भूमि है. ऐसे में आप सभी बहन-बेटियों के इस समागम ने इस अवसर को बहुत दिव्य बना दिया है. हम काशी की भूमि पर आप सब मां-बहनों को प्रणाम करते हैं. काशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए. और यह बड़ा लक्ष्य है, लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना.
विपक्ष पर साधा निशाना
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हम आधी आबादी को उनका हक दिलाना चाहते थे. कांग्रेस और सपा जैसे दलों ने महिला आरक्षण विधेयक को पास नहीं होने दिया. लेकिन, मैं महिलाओं को यह आश्वस्त करता हूं कि उनको हक दिलाकर रहूंगा.
उन्होंने कहा कि मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ूंगा. जब सपा की सरकार थी तो यूपी में बेटियों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया था. लेकिन, अब भाजपा की सरकार में बेटियों को लेकर गलत सोच रखने वाला अच्छी तरह जानता है कि उसका अंजाम क्या होगा. भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध में तेजी से गिरावट आने लगी है.
योजनाएं और उपलब्धियां
प्रधानमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार की नीतियों में महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. उन्होंने कहा कि 2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया तो देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने. 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले. 2.5 करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली का कनेक्शन दिया गया. 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया यानी अनेक बड़ी योजनाओं के केंद्र में बहनों-बेटियों को रखा गया.
महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर सरकार का जोर
पीएम मोदी ने आगे कहा कि सुविधा और सुरक्षा का विश्वास देने के साथ-साथ हमने बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया है. बीते 11 वर्षों में देश की करीब 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, इन समूहों को लाखों रुपए की मदद मिल रही है, जिससे बहनें अपना काम कर रही हैं. ऐसे ही प्रयासों से 3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं.
यह भी पढ़े: अब आम लोग भी बन सकेंगे अंतरिक्ष यात्री, गगनयान के बाद खुलेगा रास्ता, जानें क्या है ISRO का बड़ा प्लान ?