मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट, 16 राज्यों में बारिश, बिजली और तूफानी हवाओं की चेतावनी

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update: देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसके असर से कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग ने 24 जुलाई के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर समेत करीब 16 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है. खासकर पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.

चक्रवाती सिस्टम से बदला मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार इस समय राजस्थान और असम के आसपास हवा का मजबूत चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसी सिस्टम के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कई मैदानी इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार को मौसम बदला-बदला रह सकता है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.

यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, बरेली, सीतापुर समेत दो दर्जन से अधिक जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी व्यक्त की गई है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

बिहार और झारखंड में भी मौसम रहेगा खराब

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया सहित कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है. वहीं झारखंड के रांची, धनबाद और जमशेदपुर में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है.

पहाड़ी राज्यों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, ऋषिकेश और हरिद्वार में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. वहीं शिमला, मनाली, मंडी और कुल्लू में भी भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड की आशंका बनी हुई है. मनाली में तापमान गिरकर करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे मौसम और ठंडा हो जाएगा.

जम्मू-कश्मीर में भी खराब रहेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू और आसपास के इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है.

लोगों के लिए IMD की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और अनावश्यक यात्रा से परहेज करें. पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटक प्रशासन और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें. लगातार बारिश वाले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सतर्क रहना बेहद जरूरी है.

यह भी पढ़े: ईश्वर को पाने का मार्ग है भक्ति: दिव्य मोरारी बापू

Latest News

सोमवार के दिन ही क्यों होती है भगवान शिव की पूजा? जानिए क्या है इसका कारण और व्रत के फायदें

Sawan Somwar 2026: सप्ताह के सातों दिनों का संबंध किसी न किसी देवी-देवता और ग्रह से होता है. ऐसे...

More Articles Like This