Weather Update 5 August: देशभर में मानसून ने एक बार फिर अपना बेहद उग्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. अगर आप आज घर से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले ये खबर जरूर पढ़ लें. मौसम विभाग (IMD) ने 5 अगस्त को लेकर ऐसा अलर्ट जारी किया है, जिसने करोड़ों लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली का खतरा एक साथ मंडरा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कुछ इलाकों में हालात तेजी से बदल सकते हैं, इसलिए लापरवाही भारी पड़ सकती है.
दो चक्रवाती सिस्टम से बिगड़ा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा और उसके आसपास के ऊपरी वायुमंडल में एक मजबूत साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर भी एक अलग वेदर सिस्टम बना हुआ है. इन दोनों सिस्टम के असर से उत्तर, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD की ताजा चेतावनी के मुताबिक आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत 15 से अधिक राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. पंजाब के पटियाला के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर में भी मौसम बेहद खराब रहने का अनुमान है. विभाग ने लोगों से बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है.
यूपी और बिहार में आंधी-बारिश का बड़ा खतरा
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बहराइच, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और लखनऊ समेत 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, पूर्णिया और चंपारण समेत 21 जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है.
दिल्ली-NCR में भी बदलेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्र में आज मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बारिश की वजह से कई इलाकों में ट्रैफिक जाम और जलभराव की समस्या देखने को मिल सकती है.
झारखंड और मध्य प्रदेश में भी अलर्ट
झारखंड के साहेबगंज, दुमका, धनबाद, बोकारो और रांची में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मध्य प्रदेश के भोपाल, रीवा, छतरपुर और टीकमगढ़ में भी आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.
राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा
राजस्थान के जैसलमेर, सवाई माधोपुर, करौली, हनुमानगढ़ और झुंझुनू में भारी बारिश के साथ तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, शिमला और कांगड़ा के साथ जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू और अनंतनाग में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ गया है.
यह भी पढ़े: POK में प्रदर्शन से डरा पाक: विदेशी पत्रकारों के लिए सख्त किए नियम, अब हर कदम पर…