Weather Update Today: देश में मानसून का रौद्र रूप, 16 राज्यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट, 90Km/h तक चल सकती हैं तेज हवाएं

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update Today: देशभर में मानसून अब अपने सबसे खतरनाक दौर में पहुंचता दिखाई दे रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने 29 जुलाई के लिए 16 राज्यों में गंभीर मौसम की चेतावनी जारी की है. दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी से लगातार मिल रही नमी के कारण उत्तर, पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम अचानक बेहद खराब हो सकता है.

तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. IMD के अनुसार कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है.

16 राज्यों में 90Km/h तक की तूफानी हवाओं का खतरा

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक आज कई राज्यों में मौसम बेहद उग्र रहने वाला है. सबसे बड़ा खतरा तेज हवाओं को लेकर बताया गया है, जिनकी रफ्तार कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसी स्थिति में कमजोर पेड़, बिजली के खंभे, होर्डिंग्स और बिजली की लाइनें गिरने का खतरा बढ़ जाएगा. कई शहरों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है और सड़क यातायात भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. लोगों को सलाह दी गई है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें.

दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश

राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में आज मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने का अनुमान है. IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है. तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यूपी और बिहार में बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, अलीगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, गाजीपुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में आज बारिश और लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं बिहार के पटना, गया, सिवान, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश के साथ वज्रपात का खतरा जताया गया है. निचले इलाकों में जलभराव और छोटी नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका भी व्यक्त की गई है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सिस्टम का असर

दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में सक्रिय साइक्लोनिक सिस्टम का असर देखने को मिल सकता है. जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, टोंक, उदयपुर और जैसलमेर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है. वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, सतना, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, विदिशा और दतिया में भी चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से तेज बारिश की संभावना जताई गई है. कई स्थानों पर नदियां और नाले उफान पर आ सकते हैं, जिससे जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है.

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली और रुद्रप्रयाग में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है. हिमाचल प्रदेश के मनाली, कुल्लू, शिमला और मंडी में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है. वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और पुंछ में भी खराब मौसम के कारण कुछ मार्ग प्रभावित होने की संभावना है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी मौसम का असर

पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने और तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है.

यह भी पढ़े: Ghaziabad: मोदीनगर में हादसा, ट्रक से टकराई पिकअप, तीन लोगों की मौत, कई घायल

Latest News

‘उनकी जीवनगाथा हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी’, शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

Udham Singh Balidan Diwas: आज 31 जुलाई को महान क्रांतिकारी शहीद सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर पूरा...

More Articles Like This

Exit mobile version